



बेमेतरा। छत्तीसगढ़ बेमेतरा जिले के थानखम्हारिया थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पदमी में राजस्व निपटारा शिविर के दौरान उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब अतिक्रमण के मुद्दे को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचे तहसीलदार सरिता मढ़ारिया और नायब तहसीलदार मोरध्वज साहू को बंधक बना लिया।
राजस्व अधिकारियों की टीम ग्राम पंचायत पदमी में राजस्व प्रकरणों के निपटारे के लिए पहुंची थी। इसी दौरान ग्रामीणों ने गांव के खेल मैदान से अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर अधिकारियों का घेराव कर दिया। ग्रामीणों का आरोप था कि लंबे समय से अतिक्रमण हटाने के नाम पर अफसरों द्वारा लगातार समय ही दिया जा रहा है। अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

अफसरों की लेटलतीफी से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और अफसरों को घेर लिया। घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा ग्रामीणों को समझाइश देकर स्थिति को शांत कराया। फिलहाल मामले को लेकर प्रशासन आवश्यक कार्रवाई में जुटा हुआ है।
