दुनिया के सबसे पुराने प्रेम पत्र ने 540 साल बाद अपने पन्नों में दफन वो राज खोल दिया है, जिसे पढ़कर आज भी किसी का दिल भर आए. 15वीं सदी की एक दुल्हन के दिल की तड़प और पैसे बनाम प्यार की जंग को जब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस ने डिकोड किया, तो पता चला कि सदियां बीत जाने के बाद भी इंसान की भावनाएं और मजबूरियां आज भी वैसी ही हैं.

फरवरी 1477 में मार्जरी ब्रूज नाम की महिला ने अपने मंगेतर जॉन पास्टन III को यह खत लिखा था, जिसमें दहेज को लेकर चल रही पारिवारिक खींचतान और उससे उपजे दर्द को बयां किया गया था. इस पत्र को पढ़ना एक्सपर्ट्स के लिए भी अब तक एक बड़ी चुनौती थी, क्योंकि इसकी लिखावट, व्याकरण और पुरानी अंग्रेजी की शब्दावली आधुनिक पाठकों की समझ से परे थी.


लेकिन ‘MyHeritage’ के नए ‘Scribe AI’ टूल ने इस मुश्किल काम को चुटकियों में कर दिखाया. मार्जरी ने इस खत को भारी दिल के साथ लिखा था, क्योंकि उनकी मां उनके पिता को दहेज की राशि बढ़ाने के लिए राजी नहीं कर पाई थीं. खत में मार्जरी अपने मंगेतर जॉन से कहती हैं कि अगर उनके पास मौजूदा संपत्ति से आधी भी होती, तब भी वे उनका साथ कभी नहीं छोड़तीं.

मार्जरी का यह समर्पण दिखाता है कि उस दौर में भी महिलाएं पारिवारिक दबाव और सामाजिक प्रतिष्ठा के बीच अपने प्यार को बचाने के लिए कितनी जद्दोजहद करती थीं. उन्होंने खत के आखिर में जॉन से इसे गुप्त रखने की गुजारिश भी की थी, ताकि दहेज की बात बाहर न निकले.

यह प्रेम पत्र पास्टन लेटर्स का हिस्सा है, जो नॉरफॉक के एक परिवार द्वारा तीन पीढ़ियों के दौरान लिखे गए 400 से अधिक पत्रों का एक अद्भुत संग्रह है. मार्जरी ने पत्र में एंग्लो-सैक्सन अक्षरों और कई पुराने संक्षिप्त शब्दों का इस्तेमाल किया था, जिन्हें डिकोड करना ह्यूमन एक्सपर्ट्स के लिए बहुत धीमा काम था.

540 साल पुरानी इस चिट्ठी को दुनिया का सबसे पुराना लव लेटर माना जा रहा है.

AI ने न केवल अक्षरों को पहचाना, बल्कि उस समय के ऐतिहासिक संदर्भ, भावनाओं और महत्व का सारांश भी तैयार किया. शोधकर्ताओं ने बताया कि इस पत्र की भाषा आज की अंग्रेजी से इतनी अलग है कि इसे पहली नजर में पढ़ना लगभग नामुमकिन था, लेकिन AI ने इसे आज की सरल भाषा में अनुवादित कर दिया. हैरानी की बात यह है कि इस प्रेम कहानी का अंत सुखद रहा.

तमाम अड़चनों के बावजूद मार्जरी और जॉन की शादी हुई और 1479 में उनका एक बेटा हुआ, जिसका नाम विलियम रखा गया. हालांकि, मार्जरी का निधन 1495 में और जॉन का 1503 में हो गया, लेकिन उनका यह खत सदियों तक सुरक्षित रहा. शोधकर्ताओं ने इस जोड़े के वंशजों का भी पता लगाया है, जिनमें से कई आज भी जीवित हैं और अपने पूर्वजों के इस संघर्ष को जानकर भावुक हो गए.

इंसानी जज्बात कभी नहीं बदलते

मार्जरी के एक वंशज पुरातत्वविद हैं. उन्होंने कहा, ‘यह पत्र हमें याद दिलाता है कि जिन लोगों का हम इतिहास में अध्ययन करते हैं, वे बिल्कुल हमारे जैसे ही थे. उनके पास भी वैसी ही भावनाएं और वैसी ही चुनौतियां थीं जैसी आज हमारे पास हैं.’ यह पत्र केवल एक ऐतिहासिक दस्तावेज नहीं है, बल्कि एक गवाह है कि कैसे सदियों पहले भी एक लड़की को अपने माता-पिता और अपने प्यार के बीच संतुलन बिठाने के लिए संघर्ष करना पड़ता था.

तकनीक ने आज हमें उस दौर की आवाज सुनने का मौका दिया है जो अब तक इतिहास के पन्नों में खामोश थी. यह खोज साबित करती है कि इतिहास और भविष्य के बीच तकनीक एक ऐसा पुल बन सकती है जो हमें हमारी जड़ों से दोबारा जोड़ दे.

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *