



हममें से ज्यादातर लोगों के लिए गद्दा ऐसी चीज है, जिसे खरीदते समय आराम, मजबूती और कीमत देखी जाती है. लेकिन जरा सोचिए, अगर किसी गद्दे की कीमत करोड़ों रुपये हो तो? सुनने में यह बात भले ही अजीब लगे, लेकिन दुनिया में एक ऐसा लग्जरी गद्दा मौजूद है जिसकी कीमत करीब 7.3 करोड़ रुपये बताई जाती है.
खास बात सिर्फ इसकी कीमत नहीं, बल्कि इसे बनाने का तरीका और इसमें इस्तेमाल होने वाली चीजें भी हैं. यह गद्दा स्वीडन की मशहूर कंपनी हेस्टेंस (Hastens) बनाती है. कंपनी का सबसे महंगा मॉडल ग्रैंड विविडस (Grand Vividus) है, जिसकी कीमत €656,990 यानी करीब 7.3 करोड़ रुपये बताई गई है. अब सवाल उठता है कि आखिर इस गद्दे में ऐसा क्या है, जो इसकी कीमत को इतना ज्यादा बना देता है?

1852 में शुरू हुई थी कंपनी
हेस्टेंस की कहानी भी काफी पुरानी है. इस कंपनी की शुरुआत साल 1852 में पेहर एडॉल्फ जानसन (Per Adolf Jansson) ने की थी. खास बात यह है कि इतने साल बीत जाने के बाद भी कंपनी आज उनके परिवार के वंशजों द्वारा ही चलाई जा रही है. आज हेस्टेंस अलग-अलग तरह के गद्दे बनाती है और कंपनी के मुताबिक उसके पास 13 तरह के मैट्रेस हैं. इनमें ग्रैंड विविडस सबसे महंगे मॉडलों में शामिल है. इसे सिर्फ एक गद्दा नहीं, बल्कि हाथ से तैयार किया गया लग्जरी बेड सेट माना जाता है.
25 दिन में तैयार होता है एक गद्दा
करोड़ों रुपये की कीमत वाले इस गद्दे को बनाने में भी काफी समय लगता है. आर्किटेक्चरल डाइजेस्ट की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रैंड विविडस को पूरी तरह हाथों से तैयार किया जाता है और इसे बनाने में करीब 600 घंटे यानी 25 दिन तक का समय लग सकता है. इसकी सबसे खास बात इसके अंदर इस्तेमाल होने वाली सामग्री है. आम गद्दों में इस्तेमाल होने वाले सिंथेटिक फोम की जगह इसमें घोड़े की पूंछ के बाल, कॉटन, ऊन और फ्लैक्स जैसे प्राकृतिक मटेरियल का इस्तेमाल किया जाता है.
घोड़े के बाल बनते हैं नेचुरल स्प्रिंग
अब सवाल उठता है कि आखिर गद्दे में घोड़े के बालों का क्या काम? दरअसल, इन बालों को खास तरीके से प्रोसेस करके घुमावदार छल्लों यानी स्पाइरल का आकार दिया जाता है. इसके बाद ये गद्दे के अंदर छोटे-छोटे नेचुरल स्प्रिंग की तरह काम करते हैं. कंपनी के अनुसार, इससे गद्दे को लचीलापन मिलता है और शरीर को सपोर्ट करने में मदद मिलती है.
यही वजह है कि इस गद्दे को तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और उसकी कारीगरी इसे आम मैट्रेस से काफी अलग बनाती है. इस गद्दे में इस्तेमाल किए जाने वाले घोड़े के बालों का एक और खास काम बताया जाता है. उनकी संरचना हवा के प्रवाह में मदद करती है, जिससे गद्दे के अंदर नमी जमा होने की संभावना कम होती है.
वहीं, कॉटन गद्दे को मजबूती देने में मदद करता है, ऊन इसकी टिकाऊपन के लिए इस्तेमाल की जाती है और फ्लैक्स स्टैटिक इलेक्ट्रिसिटी को कम करने में मदद करता है. इन सभी प्राकृतिक सामग्री और निर्माण प्रक्रिया की वजह से कंपनी इस गद्दे पर 25 साल की वारंटी भी देती है.
455 किलो है पूरे बेड सेट का वजन
अगर आपको 7.3 करोड़ रुपये की कीमत ही हैरान कर रही है, तो इसका वजन भी कम चौंकाने वाला नहीं है. कंपनी की जानकारी के मुताबिक, 180×210 सेंटीमीटर के आकार वाले पूरे बेड सेट का वजन करीब 455 किलोग्राम है. पूरे सेट की ऊंचाई लगभग 75 सेंटीमीटर है. इसमें 7 सेंटीमीटर का टॉप मैट्रेस, 27 सेंटीमीटर का मुख्य गद्दा, 33 सेंटीमीटर का बेस और 8 सेंटीमीटर का ग्रैंड विविडस पोडियम शामिल है. यानी यह सिर्फ एक गद्दा खरीदने जैसा मामला नहीं है, बल्कि पूरा लग्जरी बेड सेट तैयार किया जाता है.
इसका हेडबोर्ड भी है खास
ग्रैंड विविडस के साथ मिलने वाला हेडबोर्ड भी काफी शानदार डिजाइन में तैयार किया जाता है. इसकी ऊंचाई करीब 145 सेंटीमीटर बताई गई है. पैडिंग के साथ फ्रेम की गहराई 32 सेंटीमीटर और नीचे के विंग की गहराई 55 सेंटीमीटर है. कंपनी के मुताबिक, इसे पैरों के साथ नार्मल बेड की तरह रखने के बजाय सीधे फर्श पर दीवार के सहारे रखने की सलाह दी जाती है. यानी इस पूरे सेट की डिजाइनिंग में भी काफी बारीकी का ध्यान रखा गया है.
हॉलीवुड सितारों से लेकर शाही परिवारों तक इस्तेमाल
हेस्टेंस के गद्दों की लोकप्रियता सिर्फ आम ग्राहकों या लग्जरी होटल तक सीमित नहीं है. कंपनी के गद्दों का इस्तेमाल करने वाली चर्चित हस्तियों में हॉलीवुड अभिनेता टॉम क्रूज, पॉप स्टार बियॉन्से और रैपर ड्रेक जैसे नाम भी बताए जाते हैं. इसके अलावा दुनिया के कई लग्जरी होटल भी हेस्टेंस के बेड का इस्तेमाल करते हैं. कंपनी आज 45 से ज्यादा देशों में कारोबार करती है और अपने लग्जरी बेड व मैट्रेस के लिए जानी जाती है.
भारत में भी खरीद सकते हैं हेस्टेंस के गद्दे
अगर आपको लग रहा है कि ऐसा करोड़ों रुपये का गद्दा सिर्फ विदेशों में ही उपलब्ध होगा, तो ऐसा नहीं है. हेस्टेंस के भारत में भी स्टोर मौजूद हैं. दिल्ली में इसके स्टोर डिफेंस कॉलोनी और एमजी रोड पर बताए जाते हैं. वहीं मुंबई में वर्ली में इसका स्टोर है, जहां ग्राहक कस्टमाइज्ड स्लीप कंसल्टेशन ले सकते हैं. आखिर में बात फिर उसी सवाल पर आती है, क्या कोई गद्दा वाकई करोड़ों रुपये का हो सकता है?
ग्रैंड विविडस की कीमत देखकर जवाब तो हां है. लेकिन इसकी कीमत सिर्फ सोने के लिए इस्तेमाल होने वाली चीज की नहीं, बल्कि हाथ की कारीगरी, प्राकृतिक सामग्री, डिजाइन और लग्जरी अनुभव के लिए चुकाई जाती है. यही वजह है कि यह गद्दा दुनिया के सबसे महंगे लग्जरी मैट्रेस में अपनी अलग पहचान रखता है.
