कोण्डागांव। पुलिस विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा देकर बेरोजगार युवाओं से लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का फरसगांव पुलिस ने पर्दाफाश किया है। आरोपियों ने बस्तर फाइटर और जिला बल में आरक्षक की नौकरी लगवाने का भरोसा देकर करीब 15 युवाओं से 25 से 30 लाख रुपये की कथित ठगी की। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी युवाओं से नौकरी दिलाने के नाम पर एडवांस रकम लेते थे। इसके साथ ही उनसे आधार कार्ड, अंकसूची, जाति प्रमाण पत्र और निवास प्रमाण पत्र जैसे दस्तावेज भी लिए जाते थे। नौकरी नहीं लगने के बाद जब युवाओं ने आरोपियों से संपर्क किया तो कथित तौर पर उन्हें टालमटोल किया जाता रहा।


तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस

मामले की शिकायत के बाद फरसगांव पुलिस ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और बैंक खातों में हुए लेनदेन का विश्लेषण किया गया। जांच के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी शत्रुधन टंडन को बिलासपुर के देवरीखुर्द से गिरफ्तार किया। वहीं दूसरे आरोपी बुध सिंह मरकाम को फरसगांव के भर्रीपारा से पकड़ा गया।

मोबाइल, दस्तावेज और रजिस्टर जब्त

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने मोबाइल फोन, दस्तावेजों की फाइल, डायरी और रजिस्टर बरामद किए हैं। पुलिस इन दस्तावेजों और रजिस्टर में दर्ज जानकारी के आधार पर ठगी के शिकार अन्य युवाओं और लेनदेन से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस को आशंका है कि आरोपियों ने नौकरी लगाने के नाम पर और भी बेरोजगार युवाओं को अपने जाल में फंसाया हो सकता है।

मामले में ठगी की कुल रकम और पीड़ितों की संख्या को लेकर जांच जारी है। एसडीओपी फरसगांव अभिनव उपाध्यक्ष ने बताया कि तकनीकी जांच और बैंक खातों के विश्लेषण के बाद दोनों आरोपियों तक पुलिस पहुंची। मामले में बरामद दस्तावेजों के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *