



दुनिया में एक देश ऐसा भी जहां रेल सेवा नहीं है, जिसके 60 फीसदी हिस्से में घने जंगल हैं, लेकिन यह देश इतना अनाज-भोजन खुद उगाता है, जो इसकी पूरी आबादी के लिए पर्याप्त है. यह देश बाहर से कुछ नहीं मंगाता. इस देश में दुनिया का सबसे बड़ा सिंगल ड्रॉप वॉटरफॉल है. 251 मीटर ऊंचा झरना यहीं पर है. दुनिया के महान क्रिकेटर इसी देश में पैदा हुए हैं. भारत से भी इस देश का गहरा नाता है.
हम बात कर रहे हैं दक्षिण अमेरिका के देश गुयाना की जिसकी कुल आबादी 8 लाख है. इसमें भारतीय मूल के लोग करीब साढ़े तीन लाख हैं. इसका क्षेत्रफल भारत के गुजरात राज्य के बराबर है पर आबादी बहुत कम है. यह देश खाद्यान्न के मामले में पूरी तरह से आत्मनिर्भर है.

नेचर फूड मैगजीन में प्रकाशित एक रिसर्च के मुताबिक, 186 देशों में से गुयाना इकलौता ऐसा देश है जो अपने घरेलू उत्पादन से ही अपनी आबादी का पेट भर सकता है. खानपान की 7 श्रेणियों का खाद्यान्न गुयाना में होता है. ये खाद्यान्न श्रेणियां फल, सब्जियां, डेयरी, मछली, मांस, फलियां, मेवे, बीज और स्टार्चयुक्त खाद्य पदार्थ हैं. इन सबका उत्पादन गुयाना में वहां की आबादी के लिए पर्यात्प रूप से होता है.
अमेरिका, चीन, रूस भी सातों श्रेणियों में आत्मनिर्भर नहीं
सबसे दिलचस्प बात यह है कि अमेरिका, चीन, रूस और भारत जैसे बड़े कृषि प्रधान देश भी इन सातों श्रेणियों में आत्मनिर्भर नहीं हैं. अमेरिका केवल 4 श्रेणियों में जबकि ब्रिटेन केवल 2 श्रेणियों में आत्मनिर्भर है. चीन और वियतनाम जैसे देश 6 श्रेणियों में तो आगे हैं, लेकिन सातवीं श्रेणी यानि डेयरी या दालों में आत्मनिर्भर नहीं. ये दोनों देश दालों को आयात करते हैं.
गुयाना में गोल्ड का अकूत भंडार
गुयाना देश में क्रिकेट ही सबकुछ है. यहां के लोगों की आय का मुख्य स्रोत खेती है. यहां पर गन्ने की खेती सबसे ज्यादा होती है. यहां के लोग खेती करने में बहुत आगे हैं. यहां पर हनुमान मंदिर, हिंदू-रीति-रिवाज, त्योहार, छ्ठ-दिवाली, दाल-रोटी सबकुछ देखने को मिल जाएगा. यहां पर गोल्ड का अकूत भंडार है. यहां के समुद्री तट, नाइट लाइफ आपको दीवाना बना लेगी.
इस देश का ऑफिशियल नाम रिपब्लिक ऑफ गुयाना है. इस देश की 70 फीसदी आबादी गांव में रहती है. यहां की आधिकारिक भाषा अंग्रेजी है. गुयाना में पहले ब्रिटिश का शासन था. गुयाना को 26 मई, 1966 को ब्रिटेन से आजादी मिली थी. जॉर्जटाउन इसकी राजधानी है. यहां रोस्टेड चिकन और तंदूरी रोटी मुख्य रूप से खाते हैं.
आपने शिवनारायण चंद्रपॉल, रामनरेश सरवन, क्लाइव लॉयड और कार्ल हूपर जैसे दिग्गज खिलाड़ी इसी देश के हैं. गुयाना देश का गोल्ड और रम बहुत फेमस है. यहां का गोल्ड बहुत अच्छी क्वालिटी का माना जाता है. यहां के लोगों को कलरफुल जिंदगी बहुत पसंद है. यहां पर चिकन-चावल बहुत खाया जाता है. गुयाना का खाना बहुत टेस्टी होता है. यहां के लोग विंटेज कार का शौक बहुत ज्यादा रखते हैं.
