



कई बार जिंदगी में कुछ ऐसी चीजें खो जाती हैं, जिनकी यादें सालों तक हमारे साथ रहती हैं. वक्त बीतने के साथ हम उन्हें वापस पाने की उम्मीद भी छोड़ देते हैं, लेकिन किस्मत कभी-कभी ऐसा चमत्कार कर देती है कि पुरानी यादें अचानक फिर सामने आ जाती हैं. ऐसा ही एक दिल छू लेने वाला मामला सामने आया है, जहां करीब 80 साल पहले खेत में खोई एक शादी की अंगूठी अचानक मिल गई.
खास बात यह है कि यह अंगूठी किसी आम शख्स ने नहीं, बल्कि मेटल डिटेक्टर की मदद से खोज निकाली. इसके बाद जब अंगूठी उसके असली मालिक के परिवार तक पहुंची, तो सभी की खुशी का ठिकाना नहीं रहा. दरअसल यह मामला नीदरलैंड का है, जहां नबूर्स (Nabuurs) परिवार के एक बुजुर्ग की शादी की अंगूठी करीब आठ दशक यानी 80 साल पहले खो गई थी.

उस समय परिवार के लोगों ने शायद कभी नहीं सोचा होगा कि इतनी पुरानी खोई हुई चीज एक दिन वापस भी मिल सकती है. लेकिन हाल ही में एक शख्स ने इस अंगूठी को खोजकर परिवार को लौटा दिया. अब यह अंगूठी परिवार के लिए सिर्फ सोने का एक गहना नहीं, बल्कि उनके पिता की यादों से जुड़ी एक अनमोल निशानी बन गई है.
1942 या 1943 में खेत में काम करते समय खो गई थी अंगूठी
रिपोर्ट के मुताबिक, इस कहानी की शुरुआत साल 1942 या 1943 की सर्दियों से होती है. उस समय नबूर्स परिवार के पिता अपने खेत में काम कर रहे थे. वह खेत में अनाज की मड़ाई (मड़ाई) कर रहे थे. इस प्रक्रिया में पके हुए अनाज के दानों को बालियों और भूसे से अलग किया जाता है. काम खत्म होने के बाद जब उन्होंने ध्यान दिया, तो उनकी शादी की अंगूठी गायब थी.
काफी तलाश करने के बावजूद अंगूठी का पता नहीं चल सका. इसके बाद परिवार ने भी मान लिया कि अब शायद यह अंगूठी कभी वापस नहीं मिलेगी. इस परिवार के बेटे बर्ट नबूर्स को बचपन से ही अपने पिता की खोई हुई अंगूठी के बारे में पता था. उनके पिता कभी-कभी उन्हें बताते थे कि खेत में काम करते समय उनकी शादी की अंगूठी खो गई थी.
मेटल डिटेक्टर की मदद से मिली 80 साल पुरानी अंगूठी
इस कहानी में दिलचस्प मोड़ तब आया, जब पिछली गर्मियों में एक शख्स मेटल डिटेक्टर की मदद से जमीन में कुछ खोज रहा था. इसी दौरान उसे खेत में एक अंगूठी मिली. बताया गया कि यह अंगूठी जमीन से करीब 20 सेंटीमीटर नीचे दबी हुई थी. अंगूठी मिलने के बाद खोजने वाले शख्स ने उसके असली मालिक के परिवार का पता लगाने की कोशिश की. बर्ट का एक चचेरा भाई परिवार के पुराने घर से कुछ ही दूरी पर रहता है. उसे इस खोज की जानकारी दी गई. इसके बाद यह खबर बर्ट तक पहुंची कि उनके पिता की सालों पहले खोई हुई शादी की अंगूठी मिल गई है.
गूठी लौटाने पहुंचा शख्स, परिवार की खुशी का नहीं रहा ठिकाना
रिपोर्ट के मुताबिक, बर्ट ने बताया जब उनके चचेरे भाई ने उन्हें फोन करके अंगूठी मिलने की जानकारी दी, तो उन्हें यह बात काफी अनोखी लगी. उन्होंने बताया कि उनके भाई ने उनसे कहा था कि अब उनके घर एक मेहमान आने वाला है. इसके बाद अंगूठी खोजने वाला शख्स खुद उनके पास पहुंचा और उनके पिता की निशानी उन्हें सौंप दी.
बर्ट ने बताया कि उन्होंने अंगूठी खोजने वाले व्यक्ति से इसके बदले कुछ पैसे लेने की पेशकश भी की थी, लेकिन उसने साफ मना कर दिया. वह बिना किसी इनाम या पैसे की उम्मीद के अंगूठी परिवार को लौटाना चाहता था. बर्ट और उनके भाई-बहनों के लिए यह किसी बड़ी खुशखबरी से कम नहीं था. परिवार के सभी लोग इस बात से बेहद खुश हैं कि उनके पिता की इतनी पुरानी निशानी उन्हें वापस मिल गई.
अंगूठी पर खुदी मिली 1941 की शादी की तारीख
बर्ट के मुताबिक, अंगूठी आज भी अच्छी हालत में है. इतने साल जमीन के अंदर रहने के बावजूद यह खराब नहीं हुई. इसकी एक वजह यह भी बताई गई कि अंगूठी हमेशा सूखी जमीन में दबी रही. परिवार को पूरा भरोसा है कि यह अंगूठी उनके पिता की ही है. इसकी सबसे बड़ी वजह है कि अंगूठी के अंदर साल 1941 की शादी की तारीख खुदी हुई है.
यही तारीख परिवार के लिए इस बात का पक्का सबूत है कि यह उनके पिता की खोई हुई शादी की अंगूठी है. फिलहाल यह अंगूठी बर्ट के पास सुरक्षित है. उन्होंने फैसला किया है कि वह इसे परिवार में ही संभालकर रखेंगे और आने वाली पीढ़ी को सौंपेंगे. करीब 80 साल बाद वापस मिली यह अंगूठी अब नबूर्स परिवार के लिए इतिहास, प्यार और पुरानी यादों की एक अनमोल धरोहर बन चुकी है.
