सूरजपुर। जिले के चांदनी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कुबेरपुर में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में 33 केवी हाईटेंशन बिजली टावर पर फांसी के फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान 32 वर्षीय संजय जायसवाल के रूप में हुई है। हैरानी की बात यह है कि युवक का शव उसके घर से महज 20 मीटर की दूरी पर स्थित टावर पर लटका देखा गया, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।

इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि महज एक महीने पहले ही मृतक की पत्नी की सड़क हादसे में मौत हुई थी। जानकारी के अनुसार, करीब एक माह पूर्व संजय जायसवाल की पत्नी अस्पताल से घर लौट रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर की टक्कर से उनकी जान चली गई थी। पत्नी के जाने का गम परिवार अभी भुला भी नहीं पाया था कि अब संजय की इस तरह हुई मौत ने सबको झकझोर कर रख दिया है। माता-पिता दोनों का साया सिर से उठ जाने के कारण अब उनके दो मासूम बच्चे पूरी तरह अनाथ हो गए हैं।


फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि संजय ने पत्नी के वियोग में यह आत्मघाती कदम उठाया है या उनकी मौत के पीछे कोई अन्य वजह है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची चांदनी थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *