Moon Land Gift: तमिलनाडु के एक युवक की अनोखी कहानी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही है. रासिपुरम (नामक्कल के पास) के 32 वर्षीय बिल्डिंग इंजीनियर अशोक सरवनन ने अपनी होने वाली बीवी के लिए चांद पर एक एकड़ जमीन खरीद ली है. यह गिफ्ट इतना अनोखा है कि रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों में इसकी चर्चा जोरों पर है.

बताया जा रहा है कि अशोक की शादी राधिका वर्षिनी से 17 सितंबर को तय है और उन्होंने यह स्पेशल सरप्राइज अपने प्रेम की निशानी के तौर पर तैयार किया है. अशोक ने यह डील लंदन में रहने वाली अपनी बहन की मदद से की है. सिंगापुर की एक प्राइवेट कंपनी के साथ समझौता हुआ और जमीन के दस्तावेज तथा ओनरशिप सर्टिफिकेट लंदन से भेजे गए. सोशल मीडिया पर लोग इस अनोखे उपहार वायरल हो रहा है. कुछ इसे रोमांटिक और क्रिएटिव बता रहे हैं तो कुछ मजाक उड़ा रहे हैं कि चांद पर जमीन का क्या मतलब है?


क्या कहता है लॉ?

वास्तविकता यह है कि चांद पर जमीन खरीदना कानूनी रूप से मान्य नहीं है. अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुसार चंद्रमा या किसी अन्य खगोलीय पिंड पर निजी मालिकाना हक संभव नहीं है. 1967 की आउटर स्पेस ट्रीटी के तहत कोई भी देश या व्यक्ति चांद पर क्षेत्र का दावा नहीं कर सकता. जो कंपनियां “मून लैंड” बेचती हैं वे सिर्फ सिंबॉलिक सर्टिफिकेट या नवीनता के तौर पर दस्तावेज जारी करती हैं.

ये कागजात भावनात्मक या गिफ्ट वैल्यू रखते हैं लेकिन असली प्रॉपर्टी राइट्स नहीं देते. अशोक जैसे कई लोग दुनिया भर में ऐसी सिंबॉलिक जमीन खरीदते रहे हैं. कुछ कंपनियां दशकों से यह बिजनेस चला रही हैं. वे पुराने दावों या रजिस्ट्री सिस्टम का हवाला देकर एकड़ या एकड़ के हिस्से बेचती हैं.

कीमत अलग-अलग होती है. एक एकड़ के लिए अशोक ने जो राशि चुकाई वह सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है लेकिन सटीक आंकड़ा सार्वजनिक रूप से पुष्टि नहीं हुआ. फिर भी यह राशि सामान्य उपहारों से कहीं ज्यादा अनोखी मानी जा रही है.

सबसे अनोखा उपहार

यह कहानी सिर्फ एक गिफ्ट की नहीं बल्कि युवा पीढ़ी की सोच को भी दर्शाती है. आज के युवा पारंपरिक उपहारों से हटकर कुछ अलग और यादगार देना चाहते हैं. चांद पर जमीन का सर्टिफिकेट दीवार पर टांगने लायक यादगार बन सकता है. शादी के मेहमानों के बीच यह चर्चा का विषय जरूर बनेगा. तमिलनाडु में शादी के रिवाज काफी पारंपरिक होते हैं लेकिन नई पीढ़ी नवाचार भी ला रही है.

अशोक बिल्डिंग इंजीनियर हैं इसलिए शायद प्रॉपर्टी से जुड़ा यह गिफ्ट उनके प्रोफेशन से भी मेल खाता है. होने वाली पत्नी राधिका वर्षिनी की प्रतिक्रिया अभी सार्वजनिक नहीं हुई है लेकिन परिवार वाले इस अनोखे आइडिया से प्रभावित दिख रहे हैं.

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *