जब भी खूबसूरत समुद्री जगहों की बात होती है, तो सबसे पहले मालदीव, अंडमान या गोवा का ख्याल आता है. लेकिन भारत में ऐसी कई जगहें हैं, जिनकी खूबसूरती देखकर आपको यकीन करना मुश्किल हो जाएगा कि आप विदेश में नहीं, बल्कि अपने ही देश में हैं. कर्नाटक का नेतरानी आइलैंड (Netrani Island) भी ऐसी ही एक जगह है.

अरब सागर के बीच मौजूद यह छोटा-सा द्वीप ऊपर से देखने पर बिल्कुल दिल के आकार का नजर आता है. नेतरानी को हार्ट शेप आइलैंड (Heart Shape Island) के अलावा पिजन आइलैंड (Pigeon Island) के नाम से भी जाना जाता है. समुद्र, चट्टानों और चारों तरफ फैली प्राकृतिक खूबसूरती के बीच मौजूद यह जगह खासतौर पर उन लोगों को आकर्षित करती है, जिन्हें एडवेंचर और समुद्र की दुनिया करीब से देखने का शौक है.


ऊपर से दिखता है बिल्कुल दिल जैसा

कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले में स्थित नेतरानी आइलैंड, मुरुदेश्वर तट से करीब 19 किलोमीटर की दूरी पर है. समुद्र के बीच मौजूद इस द्वीप की सबसे खास बात इसका आकार है. ऊपर से देखने पर इसकी आकृति दिल जैसी दिखाई देती है.

यही वजह है कि इसे कई लोग हार्ट शेप आइलैंड भी कहते हैं. चारों तरफ नीला समुद्र और बीच में हरे-भरे हिस्से वाला यह छोटा-सा द्वीप दूर से देखने पर बेहद खूबसूरत लगता है. सोशल मीडिया पर सामने आने वाली इसकी तस्वीरों और वीडियो ने भी इसे लोगों के बीच काफी लोकप्रिय बनाया है.

कभी कबूतरों की वजह से पड़ा था पिजन आइलैंड नाम

नेतरानी आइलैंड का एक और नाम पिजन आइलैंड भी है. इसके पीछे भी एक दिलचस्प वजह बताई जाती है. इस द्वीप पर पहले बड़ी संख्या में कबूतर पाए जाते थे, जिसके कारण इसे पिजन आइलैंड कहा जाने लगा. हालांकि समय के साथ इसकी पहचान सिर्फ कबूतरों वाले द्वीप तक सीमित नहीं रही।. आज नेतरानी को लोग खासतौर पर इसकी समुद्री खूबसूरती और पानी के अंदर मौजूद शानदार दुनिया के लिए जानते हैं.

समुद्र के नीचे दिखती है रंगीन दुनिया

अगर आपको समुद्र के अंदर की दुनिया देखने का रोमांच पसंद है, तो नेतरानी आपके लिए खास जगह हो सकती है. इसे भारत के लोकप्रिय स्कूबा डाइविंग (Scuba Diving) डेस्टिनेशन में गिना जाता है. यहां समुद्र का पानी कई जगहों पर इतना साफ दिखाई देता है कि डाइविंग के दौरान नीचे मौजूद समुद्री जीवन को देखा जा सकता है.

पानी के अंदर रंग-बिरंगी मछलियां, कोरल, समुद्री कछुए और कई तरह के समुद्री जीव दिखाई दे सकते हैं. यही वजह है कि एडवेंचर पसंद करने वाले लोग यहां स्कूबा डाइविंग और स्नॉर्कलिंग का अनुभव लेने पहुंचते हैं. समुद्र की सतह से नीचे उतरते ही एक अलग ही दुनिया नजर आती है, जो इस जगह को बाकी समुद्री पर्यटन स्थलों से अलग बनाती है.

यहां पहुंचना भी किसी एडवेंचर से कम नहीं

नेतरानी आइलैंड तक सीधे सड़क के रास्ते नहीं पहुंचा जा सकता. पहले आपको कर्नाटक के मुरुदेश्वर या भटकल तक जाना होता है. इसके बाद समुद्र के रास्ते स्पीड बोट से आइलैंड के आसपास के इलाके तक पहुंचा जाता है. बोट से यहां पहुंचने में मौसम और समुद्री परिस्थितियों के आधार पर करीब 45 से 60 मिनट का समय लग सकता है. रास्ते में चारों तरफ समुद्र का नजारा इस सफर को भी खास बना देता है. हालांकि, पर्यटकों के लिए द्वीप पर उतरने की अनुमति हर स्थिति में नहीं होती. सुरक्षा और स्थानीय नियमों के कारण आमतौर पर लोग आसपास के समुद्री क्षेत्र में ही डाइविंग और दूसरी एक्टिविटीज का आनंद लेते हैं.

कब जाना रहेगा सबसे अच्छा?

नेतरानी घूमने और समुद्री गतिविधियों का मजा लेने के लिए मौसम का सही होना काफी जरूरी है. आमतौर पर अक्टूबर से मई के बीच का समय यहां जाने के लिए बेहतर माना जाता है. मानसून के दौरान समुद्र में तेज लहरें और खराब मौसम समुद्री एक्टिविटीज में परेशानी पैदा कर सकते हैं. ऐसे समय में स्कूबा डाइविंग और दूसरी वॉटर एक्टिविटीज पर भी असर पड़ सकता है. इसलिए यात्रा से पहले मौसम और स्थानीय ऑपरेटरों से गतिविधियों की उपलब्धता की जानकारी लेना बेहतर रहता है.

मालदीव जैसी खूबसूरती भारत में भी मौजूद है

नेतरानी आइलैंड की खासियत सिर्फ इसका दिल जैसा आकार नहीं है. इसकी असली खूबसूरती समुद्र और उसके नीचे छिपी प्राकृतिक दुनिया में दिखाई देती है. शांत समुद्र, चट्टानी द्वीप, साफ पानी और रंग-बिरंगे समुद्री जीव इसे प्रकृति और एडवेंचर पसंद लोगों के लिए खास बनाते हैं.

अगर आप कर्नाटक घूमने का प्लान बना रहे हैं और कुछ अलग अनुभव करना चाहते हैं, तो नेतरानी आइलैंड को अपनी ट्रैवल लिस्ट में शामिल कर सकते हैं. मालदीव या अंडमान जैसी जगहों के बारे में आपने खूब सुना होगा, लेकिन कर्नाटक का यह छोटा-सा हार्ट शेप आइलैंड भी किसी समुद्री जन्नत से कम नहीं है.

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *