दुर्ग। पद्मनाभपुर इलाके में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान के संचालक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक नकाबपोश युवक चांदी की चेन गिरवी रखने के बहाने दुकान में पहुंचा था। चेन गिरवी रखने से मना करने पर आरोपी ने कथित तौर पर दुकानदार पर चाकू से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी चेहरे पर मास्क लगाए दुकान में दाखिल हुआ था। उसके हाथ में चांदी की चेन थी। उसने दुकान संचालक से चेन गिरवी रखने की बात कही। दुकानदार द्वारा मना किए जाने के बाद दोनों के बीच बातचीत हुई। इसी दौरान युवक ने कथित तौर पर चाकू निकालकर दुकानदार पर हमला कर दिया।


हमले में व्यापारी के चेहरे और हाथ समेत शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। वारदात के बाद दुकान में अफरा-तफरी मच गई। घायल व्यापारी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस ने जांच के लिए कब्जे में ली है।

फुटेज में आरोपी की गतिविधियां रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है। पुलिस इसी आधार पर आरोपी की पहचान और तलाश में जुटी है। सीएसपी हर्षित मेहर के मुताबिक, चेहरे पर मास्क लगाए एक युवक दुकान में आया था। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल हमले के पीछे की वजह और आरोपी की पहचान की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी। पुलिस आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *