जिला दुर्ग के थाना पुलगांव में एनडीपीएस एक्ट के तहत जप्त मादक पदार्थों का वैधानिक प्रक्रिया के अनुसार विधिवत नष्टिकरण किया गया। यह कार्रवाई 04 जून 2026 को उच्च स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल समिति के नेतृत्व में भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के एस.एम.एस.-3 प्लांट में संपन्न हुई। प्रकरण में कुल 14,30,100 नग अफीम के पौधे, जड़, तना, पत्ती, फूल एवं फल को सुरक्षित एवं विधिसम्मत तरीके से नष्ट किया गया।

इसके अतिरिक्त 62.422 किलोग्राम अफीम का सूखा फल (डोडा) तथा 572 ग्राम अफीम युक्त सूखा मिश्रित डोडा (बुक्की) भी नष्ट किया गया। जप्त मादक पदार्थों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 7.88 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इस कार्यवाही का नेतृत्व पुलिस महानिरीक्षक, दुर्ग रेंज, अभिषेक शांडिल्य ने किया।


उनके साथ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक/उप पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग, शशांक कुमार, आबकारी उपायुक्त तथा अन्य पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित होकर कार्रवाई की निगरानी की। नष्टिकरण की प्रक्रिया पर्यावरण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति प्राप्त कर पूरी की गई।

जप्त मादक पदार्थ थाना पुलगांव में अपराध क्रमांक 247/2026, धारा 8 एवं 18 स्वापक औषधि एवं मनःप्रभावी पदार्थ अधिनियम, 1985 (NDPS Act) के तहत बरामद हुए थे। उच्च स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल समिति ने निर्धारित मानकों और वैधानिक प्रक्रिया का पालन करते हुए मादक पदार्थों का विधिवत नष्टिकरण किया।

कार्यवाही में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) सुखनंदन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक भिलाई नगर सत्य प्रकाश तिवारी, उप पुलिस अधीक्षक पनिक राम कुजूर, उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती शिल्पा साहू, पर्यावरण विभाग के संजय सिंह परिहार और बीएसपी एसएमएस-3 के अधिकारी उपस्थित थे। जप्त मादक पदार्थों के नष्टिकरण से स्थानीय क्षेत्र में मादक पदार्थों के अवैध व्यापार और सेवन पर रोक लगाने में मदद मिलेगी।

पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या मादक पदार्थों के अवैध भंडारण की सूचना तुरंत पुलिस को दें। छत्तीसगढ़ शासन, सामान्य प्रशासन विभाग और नारकोटिक्स सेल, पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देशानुसार यह कार्रवाई जिला स्तर पर रेंज स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल समिति द्वारा की गई।

इस प्रकार की कार्रवाई से कानून का पालन सुनिश्चित करने, मादक पदार्थों के खिलाफ प्रभावी नियंत्रण बनाने और अपराधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलती है। इस कार्यवाही के माध्यम से पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि मादक पदार्थों के अवैध उत्पादन, परिवहन और बिक्री को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले में आगे भी इस प्रकार की अभियान-आधारित कार्रवाई नियमित रूप से जारी रहेगी।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *