अभनपुर। ग्राम थनौद की करीब 1 एकड़ बेशकीमती जमीन को फर्जी दस्तावेजों के जरिए हड़पने के मामले में अभनपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपियों पर कूटरचित हस्ताक्षर, फर्जी फोटो, नकली अंगूठा निशानी और जालसाजी के माध्यम से जमीन अपने नाम कराने का गंभीर आरोप है।

क्या है मामला

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम थनौद, तहसील गोबरा नवापारा स्थित खसरा नंबर 1243/1, 1242/1, 1244/1, 1159/1, 1163/1, 1162/1 एवं 1162/2 की कुल लगभग एक एकड़ भूमि राजस्व रिकॉर्ड में केशव अवस्थी के नाम दर्ज थी। आरोप है कि मिर्जा परवेज ने अपने सहयोगियों अब्दुल नईम, आरिफ अली और रोमेश पाण्डेय के साथ मिलकर वर्ष 2023 में एक सुनियोजित षड्यंत्र रचा।


जांच में सामने आया कि आरोपियों ने केशव अवस्थी के स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को प्रस्तुत कर उसका फर्जी फोटो, कूटरचित हस्ताक्षर और नकली अंगूठा निशानी का उपयोग करते हुए पहले अपने पक्ष में फर्जी मुख्तियारनामा तैयार कराया। इसके बाद उसी दस्तावेज के आधार पर जमीन का पंजीयन कराकर करोड़ों रुपये मूल्य की संपत्ति पर कब्जा करने का प्रयास किया गया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि 19 अक्टूबर 2023 को मिर्जा परवेज ने जमीन का एक हिस्सा अब्दुल नईम के नाम और 20 अक्टूबर 2023 को अपने नाम पर पंजीयन कराया। दोनों मामलों में कथित रूप से फर्जी हस्ताक्षर और नकली पहचान का इस्तेमाल किया गया था।

प्रकरण की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के बयान दर्ज किए और मुख्तियारनामा तैयार करने में उपयोग किए गए आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेज जब्त किए। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 179/26 में धारा 420, 467, 468, 470, 471 एवं 34 भादवि के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

वसीम हुसैन (33 वर्ष), निवासी मदीना चौक, संजय नगर, रायपुर
मोहम्मद खलील (28 वर्ष), निवासी हाजी गली, संजय नगर, रायपुर
अब्दुल नईम (53 वर्ष), निवासी संजय नगर, रायपुर
मिर्जा परवेज, निवासी गोसिया चौक, संजय नगर, रायपुर

सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *