KAR vs JK Final Live Score, Day 5: जम्मू-कश्मीर इतिहास रचने की दहलीज पर, कामरान इकबाल ने ठोका शतक

KAR vs JK Final Live Score, Ranji Trophy: रणजी ट्रॉफी एलीट 2025-26 के फाइनल में जम्मू-कश्मीर ने ट्रॉफी पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। हुबली के केएससीए हुबली क्रिकेट ग्राउंड में खेले जा रहे इस खिताबी मुकाबले के 5वें दिन टीम ने कर्नाटक को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया है।

दूसरी पारी में जम्मू-कश्मीर ने 4 विकेट पर 250 से ज्यादा रन बना लिए हैं और उसकी कुल बढ़त 550 से ज्यादा रनों तक पहुंच गई है। सलामी बल्लेबाज कमरान इकबाल शानदार शतक बनाकर खेल रहे हैं, जबकि साहिल लोत्रा भी शतक के करीब हैं। मुकाबले के आखिरी दिन कर्नाटक के सामने जीत के लिए लगभग असंभव लक्ष्य खड़ा होने की संभावना है।


इससे पहले चौथे दिन कर्नाटक की पहली पारी 293 रनों पर सिमट गई। कप्तान मयंक अग्रवाल ने अकेले मोर्चा संभालते हुए 21 चौकों की मदद से 160 रनों की बेहतरीन पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें किसी का भी साथ नहीं मिला। कृतिक कृष्णा ने 36 रन और श्रेयस गोपाल ने 27 रनों का योगदान दिया। मयंक और कृतिक ने छठे विकेट के लिए 79 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी कर टीम को संभालने की कोशिश की, मगर कृतिक के आउट होते ही पारी लड़खड़ा गई। कर्नाटक ने अपने आखिरी चार विकेट महज 52 रन जोड़कर गंवा दिए और बड़ी बढ़त हासिल करने का मौका हाथ से निकल गया।

गौरतलब है कि इससे पहले जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में 584 रन बनाकर मैच पर दबदबा बनाया था। अब टीम खिताब से बस एक कदम दूर नजर आ रही है, जबकि कर्नाटक को अंतिम दिन चमत्कार की दरकार होगी।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *