
Dhurandhar: बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘धुरंधर’ को लेकर सुर्खियों में छाए हुए हैं. सोशल मीडिया से लेकर खबरों के बाजार तक फिल्म की चर्चा हो रही है. इस बीच रिलीज से पहले फिल्म की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. आप सोच रहे होंगे कि आखिर ऐसा क्या हुआ, जो फिल्म की मुश्किल बढ़ सकती है? तो आइए जानते हैं इसके बारे में…
फिल्म में संजय दत्त अहम किरदार में
दरअसल, रणवीर सिंह की इस फिल्म में संजय दत्त भी अहम किरदार में नजर आने वाले हैं. फिल्म में संजय दत्त कराची के दिवंगत पुलिस अधिकारी चौधरी असलम का किरदार निभा रहे हैं. जानकारी की मानें तो असलम को क्राइम के खिलाफ आवाज उठाने और कार्रवाई करने के लिए जाना जाता है.

पाक से आई चेतावनी
अब पीटीआई के हवाले से ये खबर है कि दिवंगत अधिकारी की वाइफ नौरीन असलम ने चेतावनी दी है कि अगर फिल्म ‘धुरंधर’ में उनके पति की इमेज को गलत तरीके से पेश किया गया या फिर बदनाम किया गया, तो वो इस पर कानूनी कार्रवाई करेंगी. दिवंगत पुलिस अधिकारी की पत्नी ने पीटीआई से बात करते हुए फिल्म के ट्रेलर के डायलॉग पर आपत्ति जताई.


क्या बोलीं दिवंगत अधिकारी की पत्नी?
इस ट्रेलर के डायलॉग में असलम को शैतान और जिन्न की संतान बताया गया है. दिवंगत अधिकारी की पत्नी ने कहा कि हम मुसलमान हैं. ऐसे शब्द ना केवल असलम के लिए बल्कि उनकी मां के लिए भी बेहद अपमानजनक हैं, जो एक बहुत सिंपल, सरल और ईमानदार महिला थीं. अगर मुझे फिल्म में मेरे पति की गलत छवि मिली या फिर कुछ भी ऐसा जो गलत तरीके से दिखाया गया, तो मैं उस पर कानूनी कार्रवाई करूंगी.
कब रिलीज होगी फिल्म?
इसके अलावा अगर फिल्म ‘धुरंधर’ की बात करें तो इस फिल्म को 5 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा. फिल्म की रिलीज का हर किसी को बेसब्री से इंतजार है. फिल्म में रणवीर सिंह, संजय दत्त के अलावा अर्जुन रामपाल, अक्षय खन्ना, आर माधवन और सारा अर्जुन बेहद अहम किरदार में नजर आने वाले हैं.
