दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। चलती ट्रेन के यात्रियों पर हमला कर मोबाइल लूटने की कोशिश के दौरान एक यात्री की ट्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत हो गई। मामले में पुलिस ने घेराबंदी कर वारदात में शामिल दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है।

जानिए पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, 27 नवंबर को सुबह 11:45 बजे इंटरसिटी एक्सप्रेस (ट्रेन क्रमांक 12856) में शिवाजीनगर रेलवे लाइन के पास दो नाबालिग लड़कों ने एक यात्री का मोबाइल फोन छीनने का प्रयास किया। पीड़ित यात्री की पहचान मोहम्मद फैजान उर्फ सोनू (25 वर्ष), निवासी ग्राम पोस्ट सुरजी, थाना अंजनगांव, जिला अमरावती (महाराष्ट्र) के रूप में हुई है।


चलती ट्रेन से नीचे गिरा यात्री

मोबाइल छीनने के दौरान एक बालक ने यात्री को थप्पड़ मारा और दूसरे ने डंडे से वार किया। इसी धक्का-मुक्की और हमले के दौरान यात्री मोबाइल सहित चलती ट्रेन से नीचे गिर गया। गिरने से उसे गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उसे उपचार के लिए सुपेला अस्पताल ले जाया गया, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना खुर्सीपार पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया और साक्ष्यों के आधार पर जाँच शुरू की गई। पुलिस की विवेचना में दो नाबालिग बालकों की संलिप्तता सामने आने पर उन्हें अभिरक्षा में लिया गया। प्रकरण में अपराध पंजीबद्ध कर आगे कार्रवाई की जा रही है।

अपराध करने का तरीका

जाँच के अनुसार, दोनों बालक रेलवे ट्रैक के किनारे खड़े होकर गुजरती ट्रेन में सफर कर रहे यात्रियों को निशाना बनाते थे। वे ट्रेन की खिड़की के पास बैठे यात्रियों का मोबाइल फोन छीनने के उद्देश्य से उन पर हमला करते थे। इसी क्रम में किए गए एक हमले के कारण यात्री चलती ट्रेन से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।

दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों व रेल यात्रियों से अपील करती है कि चलती ट्रेन में यात्रा के दौरान मोबाइल फोन व अन्य कीमती सामान खिड़की के पास बाहर की ओर न रखें। संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल रेलवे पुलिस अथवा स्थानीय पुलिस को सूचना दें।

Share on