दुर्ग। रात के करीब दो बजे… सुनसान दुर्ग-धमधा रोड… तीन दोस्त बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। उन्हें क्या पता था कि रास्ते में चार बदमाश उनकी जिंदगी बदल देंगे। कुछ ही मिनटों में मामूली विवाद खूनी वारदात में बदल गया और कांग्रेस नेता प्रकाश सिंह कश्यप (45) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।

अब इस हाई-प्रोफाइल मर्डर केस का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। दुर्ग पुलिस ने मामले में एक बालिग आरोपी और तीन विधि से संघर्षरत बालकों को हिरासत में लिया है। जांच में सामने आया कि चारों पहले शराब पार्टी कर रहे थे और उसके बाद लूटपाट की नीयत से सड़क पर निकले थे।


पहले शराब, फिर सुनसान सड़क पर लूट की तलाश

पुलिस जांच के मुताबिक घटना की रात चारों आरोपी एक दोस्त के घर शराब पी रहे थे। नशे में धुत होने के बाद उन्होंने राहगीरों को लूटने की योजना बनाई। इसके लिए वे काले रंग की डिस्कवर बाइक से दुर्ग-धमधा रोड की ओर निकल पड़े और सुनसान जगह पर शिकार का इंतजार करने लगे।

उसी दौरान प्रकाश सिंह कश्यप अपने दो साथियों के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे। आरोपियों ने उनकी बाइक रोक ली और पहले बहस शुरू की। कुछ ही देर में मामला लूट और फिर हत्या तक पहुंच गया।

मोबाइल और नकदी लूटने की कोशिश, विरोध पर बरसाए चाकू

बदमाशों ने सबसे पहले प्रकाश सिंह कश्यप की जेब से मोबाइल और नकदी निकालने की कोशिश की। जब उन्होंने विरोध किया तो आरोपी आदर्श उर्फ लाल (19) ने चाकू निकालकर उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। बाकी आरोपियों ने डंडे और पाइप से उनके दोनों साथियों पर हमला कर दिया।

हमले के बाद बदमाश करीब 4 हजार रुपये नकद लेकर मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल प्रकाश सिंह कश्यप को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

100 से ज्यादा CCTV फुटेज ने खोला राज

हत्या की वारदात के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती थी कि आरोपियों की कोई पहचान नहीं थी। इसे ब्लाइंड मर्डर मानते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित की। एसीसीयू और जेवरा सिरसा चौकी पुलिस ने घटनास्थल से लेकर दुर्ग, भिलाई और धमधा मार्ग तक लगे 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंच गई।

पूछताछ में टूटे आरोपी, बरामद हुए हथियार

हिरासत में लेने के बाद पूछताछ में आरोपियों ने वारदात कबूल कर ली। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल चाकू, डंडा, पाइप, मोटरसाइकिल और लूटी गई नकदी बरामद कर ली।

आरोपियों का यही था तरीका

पुलिस के अनुसार चारों आरोपी देर रात सुनसान सड़क पर बाइक सवार लोगों को रोकते थे। पहले किसी बात को लेकर विवाद करते, फिर मारपीट कर मोबाइल और पैसे लूटने की कोशिश करते। विरोध करने वालों पर जानलेवा हमला करना इनका तरीका बन चुका था। इस बार लूट का विरोध कांग्रेस नेता की जान ले गया।

एक बालिग, तीन नाबालिग गिरफ्तार

पुलिस ने मामले में आदर्श उर्फ लाल (19), निवासी कादम्बरी नगर, मोहन नगर, दुर्ग को गिरफ्तार किया है। उसके साथ तीन विधि से संघर्षरत बालकों को भी अभिरक्षा में लिया गया है। सभी के खिलाफ हत्या और लूट सहित गंभीर धाराओं में कार्रवाई जारी है।

पुलिस की सतर्कता से 48 घंटे में सुलझा केस

दुर्ग पुलिस का कहना है कि वैज्ञानिक जांच, तकनीकी साक्ष्य, सीसीटीवी विश्लेषण और लगातार फील्ड वर्क की बदौलत इस चुनौतीपूर्ण ब्लाइंड मर्डर केस का 48 घंटे के भीतर खुलासा संभव हो सका। मामले में आगे भी पूछताछ जारी है और यदि किसी अन्य की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *