बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग बच्ची को बंधक बनाने और जान से मारने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने डरा-धमकाकर बच्ची से 14.50 लाख रुपये नकद और करीब 450 ग्राम सोने के जेवरात हड़प लिए थे। इस गंभीर मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक एक महिला समेत कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरा मामला जनवरी 2025 से 1 जुलाई 2026 के बीच का है। आरोपियों ने एक नाबालिग बच्ची को मोहरा बनाते हुए उसके और उसके परिजनों को जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने बड़ी मात्रा में नकदी और सोना ऐंठ लिया, जिसे बाद में आपस में बांट लिया गया। मामले में अवैध रूप से सोने के जेवरात खरीदने वाले खरीदार भी पुलिस की गिरफ्त में आ गए हैं।


जांच के दौरान सबसे पहले 2 अगस्त को पुलिस ने आयुष यादव, आदर्श शर्मा, प्रिंस साहू और आदित्य पांडे को गिरफ्तार किया था। इनसे हुई कड़ाई से पूछताछ के आधार पर प्रियम शर्मा और शौर्य करोलिया की संलिप्तता का खुलासा हुआ। इसके बाद पुलिस ने अपनी कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए प्रियम शर्मा, आकाश झा, शौर्य करोलिया, राजेश सोनी और खुशबू बुधिया को भी दबोच लिया।

सरकंडा थाना पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ठगी और भयादोहन से प्राप्त किए गए सोने के जेवरात एवं नगद राशि को विधिवत जब्त कर लिया है। पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि इस ब्लैकमेलिंग रैकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *