



सक्ती। सक्ती जिले की बाराद्वार पुलिस ने करीब 90 लाख रुपये की साइबर ठगी का खुलासा करते हुए एक महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सोना नवनीकरण (Gold Renewal) और लोन की अवधि बढ़ाने का झांसा देकर एक परिवार से अलग-अलग बैंक खातों के माध्यम से 90 लाख 28 हजार 500 रुपये ठग लिए थे।
ऐसे दिया ठगी को अंजाम
पुलिस के अनुसार, बाराद्वार थाना क्षेत्र के ग्राम जेठा निवासी मूलचंद राठौर ने 5 मई को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि पेण्ड्रा और बिलासपुर निवासी रेखा राठौर, अफरोज खान और सुभाष साहू ने सोना नवनीकरण और लोन अवधि बढ़ाने का लालच देकर उन्हें अपने झांसे में लिया।

आरोपियों ने 31 अक्टूबर 2025 से 5 मई 2026 के बीच मूलचंद राठौर, उनकी पत्नी और दोनों बेटों के अलग-अलग बैंक खातों से UPI, NEFT, RTGS और IMPS के जरिए कुल 90,28,500 रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करा लिए।
महिला सहित तीन आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए बाराद्वार पुलिस ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ठगी की वारदात को स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318, 61 और 112 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि आरोपियों ने इसी तरह अन्य लोगों को भी अपना शिकार बनाया है या नहीं।
