



रायपुर। राजधानी रायपुर के WRS कॉलोनी तालाब में मिली अज्ञात युवती की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। मृतका की पहचान टिकरापारा निवासी नंदनी जैन के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्रेम संबंधों में विवाद और बेवफाई के शक के चलते उसके प्रेमी ने गला दबाकर हत्या कर दी और शव तालाब में फेंककर फरार हो गया। मामले में पुलिस ने आरोपी प्रेमी को भी गिरफ्तार कर लिया है। यह मामला खमतराई थाना क्षेत्र का है।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी दोस्ती, फिर हत्या कर शव को तालाब में फेंका
मिली जानकारी के अनुसार, नंदनी जैन और आरोपी करण तांडी की पहचान करीब तीन साल पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती बढ़ी और यह रिश्ता प्रेम संबंध में बदल गया। दोनों के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि आरोपी को नंदनी पर बेवफाई का शक था, जिसके कारण दोनों के बीच लगातार तनाव बना हुआ था। इसी विवाद के दौरान आरोपी ने नंदनी की गला दबाकर हत्या कर दी।

तालाब में मिली थी युवती की लाश
हत्या के बाद आरोपी शव को WRS कॉलोनी स्थित तालाब तक ले गया और वहां फेंककर फरार हो गया। मंगलवार को तालाब में युवती का शव दिखाई देने पर स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही DCP नॉर्थ, ACP उरला, FSL टीम और क्राइम ब्रांच के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया। वहीं मौके से युवती का मोबाइल फोन बरामद हुआ, जिसकी मदद से उसकी पहचान संभव हो सकी। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी करण तांडी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ में मिले तथ्यों के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। अब हत्या मामले का पूरा खुलासा देर शाम तक पुलिस कर सकती है।
