कबीरधाम। छत्तीसगढ़ विद्युत वितरण कंपनी के दो केंद्रों में करोड़ों के वित्तीय गबन मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। गबन करने वाले विभाग के बाबू को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी बाबू ने 2019-20 से 2023 तक पदस्थापना के दौरान बैंक खाते में जमा न कर 4.30 करोड़ रूपए का वित्तीय गबन किया था। आरोपी का नाम मनोज साहू (सहायक ग्रेड-3) है।

जानिए पूरा मामला

जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता सुनील कुमार गुप्ता सहायक अभियंता उप संभाग छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड पिपरिया द्वारा थाना पिपरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि विद्युत वितरण कंपनी में सहायक ग्रेड-3 के पद पर पदस्थ कर्मचारी मनोज साहू की विद्युत वितरण केंद्र रवेली में पदस्थापना के दौरान 2019-20 से 2022-23 तक 3,17,90,699 रुपये की राशि बैंक खाते में जमा नहीं की गई।


सह ही उक्त राशि का वित्तीय गबन किया गया। इस रिपोर्ट पर थाना पिपरिया में धारा 420, 421, 467, 468, 471, 477 एवं 409 भादवि के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जाँच में लिया गया। जाँच के दौरान विद्युत वितरण कंपनी केंद्र मरका के सहायक अभियंता संदीप कुमार सोनी द्वारा भी थाना उपस्थित होकर शिकायत दर्ज कराई गई कि आरोपी मनोज साहू द्वारा विद्युत वितरण केंद्र मरका में पदस्थापना के दौरान वर्ष 2019-20 से 2022-23 तक कंपनी की 1,12,69,171 रुपये की राशि कंपनी के खाते में जमा नहीं की गई।

साथ ही वित्तीय अनियमितता करते हुए राशि का गबन किया गया। इस प्रकार दोनों विद्युत वितरण केंद्रों से संबंधित प्रकरणों में कुल 4,30,59,870 रुपये (चार करोड़ तीस लाख उनसठ हजार आठ सौ सत्तर रुपये) की राशि का वित्तीय गबन सामने आया।

पूछताछ में खुलासा

मामले की गंभीरता को देखते हुए कबीरधाम एसपी के निर्देश पर थाना पिपरिया पुलिस द्वारा विवेचना के दौरान आरोपी मनोज साहू से पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी द्वारा गबन करना स्वीकार किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। प्रकरण में आगे की जाँच जारी है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *