



रायपुर। पटवारी से राजस्व निरीक्षक (आरआई) पद पर पदोन्नति के लिए आयोजित विभागीय परीक्षा 2024 के प्रश्नपत्र लीक मामले में राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (EOW-ACB) ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ब्यूरो की टीम दोनों आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार कर रायपुर लाई।
सोमवार, 16 नवंबर को उन्हें विशेष न्यायालय (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम), रायपुर में पेश किया गया, जहां से 23 नवंबर तक आठ दिन की पुलिस रिमांड मंजूर की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मध्यप्रदेश के भिंड जिले के उमरी थाना क्षेत्र के ग्राम घना की गड़िया निवासी वीर सिंह जाटव (35) और अरविंद जाटव (41) के रूप में हुई है। दोनों के पिता का नाम स्वर्गीय नाथूराम जाटव बताया गया है।

परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र लीक करने का आरोप
EOW-ACB के अनुसार, आयुक्त भू-अभिलेख द्वारा पटवारियों को राजस्व निरीक्षक प्रशिक्षण के लिए चयनित करने के उद्देश्य से 7 जनवरी 2024 को राजस्व निरीक्षक विभागीय परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा परिणाम के आधार पर 216 अभ्यर्थियों का चयन हुआ था।
परीक्षा में अनियमितताओं की शिकायतों के बाद राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की उच्च स्तरीय जांच रिपोर्ट सामान्य प्रशासन विभाग को मिली। इसके बाद मामले की जांच EOW-ACB को सौंपी गई। ब्यूरो ने प्रारंभिक जांच के निष्कर्षों के आधार पर अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की।
प्रश्नपत्र उपलब्ध कराने के बदले वसूली का आरोप
जांच एजेंसी का आरोप है कि वीर सिंह जाटव और अरविंद जाटव ने प्रश्नपत्र मुद्रण समिति से जुड़े सह-आरोपी वीरेन्द्र जाटव के साथ मिलकर आपराधिक षड्यंत्र रचा। आरोपियों ने परीक्षा की गोपनीयता भंग कर परीक्षा से पहले प्रश्नपत्र लीक किया और परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अवैध रूप से उपलब्ध कराया। इसके बदले अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूलने का भी आरोप है।
शिनाख्त परेड में पटवारियों ने की पहचान
EOW-ACB के मुताबिक, 15 नवंबर 2026 को कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में आरोपियों की शिनाख्त परेड कराई गई। इसमें परीक्षा में शामिल हुए संबंधित पटवारियों ने दोनों आरोपियों की पहचान उन व्यक्तियों के रूप में की, जिन्होंने कथित तौर पर लीक प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया, उसकी तैयारी के लिए स्थान मुहैया कराया और अवैध वसूली की। ब्यूरो ने बताया कि अपराध में संलिप्तता के प्रमाण मिलने के बाद दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया। मामले में आगे की विवेचना जारी है।
इन धाराओं में दर्ज है अपराध
प्रकरण में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (यथासंशोधित 2018) की धारा 7(सी) तथा भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 और 120-बी के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
