



राजधानी रायपुर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। इस बार साइबर ठगों ने पेंशन अपडेट कराने के नाम पर एक रिटायर्ड रेलकर्मी को अपना शिकार बनाया और उनके बैंक खाते से 7 लाख 49 हजार 783 रुपये पार कर दिए। आरोपी ने खुद को DRM कार्यालय का कर्मचारी बताकर फोन किया था।
पेंशन से जुड़ी जानकारी अपडेट कराने का झांसा देकर उसने पीड़ित से मोबाइल में कुछ ऐप और लिंक डाउनलोड करवाए। इसके कुछ ही देर बाद खाते से पूरी रकम ऑनलाइन ट्रांसफर हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने रिटायर्ड रेलकर्मी से संपर्क कर उनकी पेंशन से संबंधित PPO (पेंशन पेमेंट ऑर्डर) नंबर अपडेट कराने की बात कही।

उसने खुद को DRM ऑफिस का कर्मचारी बताते हुए पीड़ित का भरोसा जीत लिया। इसके बाद पेंशन संबंधी प्रक्रिया पूरी करने का हवाला देकर मोबाइल में HRMS ऐप और बैंक से संबंधित लिंक डाउनलोड करवाया। पीड़ित आरोपी की बातों में आ गए और बताए गए तरीके से मोबाइल पर ऐप और लिंक डाउनलोड कर लिया।
इसके बाद साइबर ठगों ने ऑनलाइन माध्यम से उनके बैंक खाते में सेंध लगा दी। कुछ ही समय के भीतर खाते से 7,49,783 रुपये की रकम ट्रांसफर कर दी गई। बैंक खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने की जानकारी मिलने पर पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का पता चला।
DD नगर थाने में IT एक्ट के तहत मामला दर्ज
घटना की शिकायत मिलने के बाद डीडी नगर थाना पुलिस ने मामले में सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (IT Act) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। ठगी में इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर, ऐप और ऑनलाइन लेनदेन से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है।
पेंशन अपडेट के नाम पर ठगी से रहें सावधान
साइबर ठगी का यह मामला एक बार फिर बताता है कि सरकारी विभाग या बैंक का कर्मचारी बनकर ठग लोगों को निशाना बना रहे हैं। पेंशन, PPO अपडेट, बैंक खाते की जानकारी या दस्तावेज सत्यापन के नाम पर अनजान व्यक्तियों के भेजे लिंक डाउनलोड करने से बचना चाहिए। किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर मोबाइल में ऐप इंस्टॉल न करें और बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और ठगी की रकम किन खातों में ट्रांसफर हुई, इसका पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
