



बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने थाना गिधौरी क्षेत्र के घटमड़वा नाला बांधा में मिले युवक के सनसनीखेज अंधे कत्ल की गुत्थी को सुलझा लिया है। गिधौरी व सायबर सेल की संयुक्त पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, विस्तृत पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हत्यारे को धर दबोचा है। आरोपी ने काला व कुरूप बोलने पर हत्या की वारदात को अंजाम दिया था।
घटना का संक्षिप्त विवरण
जानकारी के मुताबिक, 14 नवम्बर की सुबह 10:45 बजे सूचना मिली थी कि थाना गिधौरी क्षेत्र अंतर्गत गिधौरी और घटमड़वा के बीच बहने वाले घटमड़वा नाला बांधा में ग्राम गिधौरी निवासी आदित्य टंडन (पिता संतोष टंडन, उम्र 19 वर्ष) का शव पानी में डूबा हुआ है। सूचना पर तत्काल पुलिस बल मौके पर पहुंचा और शव को पानी से बाहर निकाला।

शव के सिर-माथे पर गंभीर चोट के निशान मिले थे, जिससे प्रथम दृष्टया किसी धारदार/घातक वस्तु से वार कर हत्या किया जाना प्रतीत हुआ। मामले में थाना गिधौरी में धारा 194 बीएनएसएस के तहत जांच शुरू की गई तथा एफएसएल व पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया गया।
ऐसे हुआ अंधे कत्ल का पर्दाफाश
विवेचना के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज का बारीकी से निरीक्षण किया और घटनास्थल व गिधौरी घटमडवा के आसपास रहने वाले कई लोगों से भी पूछताछ की। इस दौरान यह जानकारी सामने आई कि 13 नवम्बर के दोपहर को मृतक आदित्य टंडन को आरोपी किशन साहू के साथ बांधा तालाब घटमड़वा एनीकट की तरफ जाते हुए देखा गया था और किशन साहू के हाथ में फावड़े जैसा औजार था।
शक के आधार पर पुलिस ने आरोपी किशन साहू को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने लोहे के फावड़े से सिर, माथा और आंख के पास वार कर आदित्य टंडन की हत्या की थी तथा शव को पानी में फेंक दिया था। आरोपी के बयान के आधार पर घटना में प्रयुक्त लोहे का फावड़ा व आरोपी से मृतक का मोबाइल जब्त किया गया है।
काला व कुरूप बोलने पर हत्या
मृतक आदित्य टंडन द्वारा आरोपी की बहन पर गलत नीयत रखने के संदेह और आरोपी को उसकी शारीरिक बनावट को लेकर ‘काला व कुरूप’ कहकर अपमानित किए जाने के कारण आवेश (उत्तेजना) में आकर इस घटना को अंजाम दिया था। प्रकरण में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी किशन साहू के खिलाफ थाना गिधौरी टुण्ड्रा में धारा 103(1) BNS के तहत मामला पंजीबद्ध कर 15 नवम्बर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश करने की प्रक्रिया की जा रही है।
आरोपी का नाम- किशन साहू पिता ईतवारी साहू 19 वर्ष निवासी ग्राम गिधौरी थाना गिधौरी।
