कोरबा। बालको प्लांट से कॉपर वायर चोरी करने का अनोखा तरीका अपनाने वाले दो युवकों की कोशिश सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता से नाकाम हो गई। दोनों युवक करीब 49 किलो कॉपर वायर अपने शरीर पर लपेटकर कपड़ों के अंदर छिपाए हुए थे और प्लांट से बाहर निकलने की फिराक में थे। हालांकि, गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों की नजर उन पर पड़ गई और तलाशी के दौरान चोरी का खुलासा हो गया।

जानकारी के मुताबिक, दोनों युवकों ने कॉपर वायर को शरीर पर इस तरह लपेट रखा था कि वह सामान्य कपड़ों के भीतर छिपा रहे। लेकिन बाहर निकलते समय उनकी संदिग्ध गतिविधियों को देखकर सुरक्षा कर्मियों ने जांच की। तलाशी लेने पर उनके पास से भारी मात्रा में कॉपर वायर बरामद हुआ। इसके बाद दोनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 49.280 किलोग्राम कॉपर वायर बरामद किया है। इसके अलावा वायर काटने में इस्तेमाल होने वाला कटर और अन्य औजार भी जब्त किए गए हैं। जब्त कॉपर वायर की अनुमानित कीमत करीब 49,280 रुपये बताई गई है।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान भीम मल्लाह (23 वर्ष) और नरेश कुमार कंवर (21 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *