कभी-कभी रोजमर्रा की जिंदगी में होने वाली छोटी सी लापरवाही भी बड़ी मुसीबत बन सकती है. ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला मामला ऑस्ट्रेलिया से सामने आया है, जिसे सुनकर किसी के भी होश उड़ सकते हैं. यहां 50 साल की एक महिला घर पर कपड़ों की सिलाई करते-करते सो गई. लेकिन उसे क्या पता था कि नींद की यही छोटी सी झपकी उसे अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर तक पहुंचा देगी. कुछ दिनों बाद जब उसके पेट में असहनीय दर्द उठा और डॉक्टरों ने जांच की, तो अंदर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए.

पेट दर्द लेकर अस्पताल पहुंची महिला

यह मामला ऑस्ट्रेलिया के जॉन हंटर अस्पताल का बताया जा रहा है. रिपोर्ट के मुताबिक, 50 वर्षीय महिला अचानक तेज पेट दर्द से परेशान हो गई. दर्द लगातार बढ़ रहा था और करीब 24 घंटे से उसे राहत नहीं मिल रही थी. इसके बाद वह इलाज के लिए अस्पताल के इमरजेंसी विभाग पहुंची.


डॉक्टरों ने शुरुआती जांच की तो महिला का पेट छूते ही उसे तेज दर्द होने लगा. उसकी पल्स रेट भी बढ़कर 130 बीट प्रति मिनट तक पहुंच गई थी. हैरानी की बात यह थी कि शुरुआती ब्लड टेस्ट में किसी गंभीर संक्रमण के स्पष्ट संकेत नहीं मिले. ऐसे में डॉक्टरों ने दर्द की असली वजह जानने के लिए सीटी स्कैन कराने का फैसला किया.

सीटी स्कैन में दिखी शरीर के अंदर धंसी सुई

जब सीटी स्कैन की तस्वीरें सामने आईं, तो डॉक्टर भी चौंक गए. महिला के पेट के बाईं तरफ एक नुकीली धातु की चीज दिखाई दी. जांच करने पर पता चला कि वह करीब 4 सेंटीमीटर लंबी सिलाई वाली सुई थी. शुरुआत में डॉक्टरों ने दर्द कम करने की दवाएं देकर महिला को निगरानी में रखा और अस्पताल से छुट्टी दे दी. लेकिन अगले ही दिन उसे फिर से तेज दर्द होने लगा. वह दोबारा अस्पताल पहुंची, जहां एक्स-रे जांच में पता चला कि पेट के अंदर मौजूद सुई अपनी जगह बदल चुकी थी.

सिलाई करते समय सोना बना मुसीबत की वजह

डॉक्टरों ने जब महिला से विस्तार से बातचीत की तो उसे कुछ दिन पुरानी घटना याद आई. उसने बताया कि वह घर पर कपड़े सिल रही थी. इसी दौरान सिलाई करते-करते उसे गद्दे पर नींद आ गई थी. महिला को शक हुआ कि शायद सोते समय वह सुई के ऊपर करवट लेकर लेट गई होगी. संभव है कि सुई उसकी त्वचा को चीरते हुए शरीर के अंदर पहुंच गई हो और उसे उस वक्त इसका एहसास तक न हुआ हो.

पेट में सुई का घूमना बन सकता था जानलेवा

डॉक्टरों के सामने सबसे बड़ी चुनौती सुई का लगातार अपनी जगह बदलना था. पेट के अंदर इस तरह किसी नुकीली चीज का खिसकना बेहद खतरनाक हो सकता है. इससे आंतों में छेद होने, अंदरूनी रक्तस्राव और गंभीर संक्रमण का खतरा पैदा हो सकता था.

हालात की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने ऑपरेशन करने का फैसला किया और सुई को सफलतापूर्वक बाहर निकाल दिया. घर में इस्तेमाल होने वाली छोटी-छोटी नुकीली चीजों को लेकर भी कितनी सावधानी बरतना जरूरी है.

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *