कवर्धा। जिले के सहसपुर लोहारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मोहगांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज हत्या की वारदात सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने अपनी ही भाई की पत्नी (भाभी) हेमलता निषाद की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने पहले महिला का गला दबाया और फिर कुल्हाड़ी से वारकर उसकी जान ले ली। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जेठ देवसिंग निषाद को वारदात के महज कुछ घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया।

पारिवारिक रंजिश और शक के चलते की हत्या

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी देवसिंग निषाद और मृतिका हेमलता निषाद के बीच पारिवारिक रंजिश और शक को लेकर विवाद चल रहा था। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पहले हेमलता का गला दबाया और इसके बाद कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी।


वारदात के बाद नहर किनारे छिपा था आरोपी

हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी गांव से लगे नहर किनारे जाकर छिप गया था। घटना की सूचना मिलते ही सहसपुर लोहारा पुलिस सक्रिय हुई और आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने घेराबंदी कर नहर के पास छिपे आरोपी देवसिंग निषाद को पकड़ लिया।

हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी और खून से सने कपड़े जब्त

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी और खून से सने कपड़े जब्त किए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी पूर्व में भी मृतिका के साथ छेड़छाड़ के एक मामले में जेल जा चुका है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। ग्राम मोहगांव में हुई इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर पारिवारिक विवादों के भयावह परिणाम को उजागर कर दिया है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *