बिलासपुर। छत्तीसगढ़ बिलासपुर में रेलवे ठेकेदार के सुपरवाइजर की किसी अज्ञात आरोपी ने हत्या कर दी है। सिर पर भारी वस्तु से हमले का निशान मिला है। घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी में एक संदिग्ध लड़का दिखा है, जिसके हाथ में हथौड़ा है। मारने का विजुअल तो नहीं है, लेकिन सामने आए सीसीटीवी फुटेज में सुपरवाइजर चीखें सुनाई दे रही है।

घटना तोरवा थाना क्षेत्र स्थित आरपीएफ कॉलोनी के पास की है। मृतक की पहचान नरेश कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। वह बिहार के आरा जिले का रहने वाला था। पुलिस चोरी या रंजिश दोनों एंगल से जांच कर रही है। हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है। CCTV में कुछ संदिग्ध दिखे हैं। FSL और डॉग स्क्वायड ने सबूत जुटाए हैं।


पढ़िए क्या है पूरा मामला

नरेश कुमार गुप्ता बीते दो साल से बिलासपुर में रहकर सुपरवाइजर के साथ चौकीदारी का काम कर रहा था। रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्य से जुड़े सामान के गोदाम की रखवाली करता था। गुरुवार 3 सितंबर सुबह उसका शव RPF कॉलोनी में पानी टंकी के पास खून से लथपथ हालत में मिला। घटना की सूचना मिलते ही GRP, RPF और तोरवा पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। ठेकेदार के मुताबिक नरेश उसके गांव का ही रहने वाला था। काम के लिए उसे बिलासपुर लाया था।

CCTV में नजर आया संदिग्ध

पुलिस ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। बताया जा रहा है कि फुटेज में एक संदिग्ध नजर आया है। उसकी उम्र तकरीबन 25 से 30 साल के बीच बताई जा रही है। पुलिस CCTV के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने में जुटी है।

चोरी या रंजिश? दोनों एंगल पर पुलिस कर रही जांच

पुलिस जांच में यह भी देखा जा रहा है कि कहीं चोरी की नीयत से वारदात तो नहीं की गई या फिर हत्या के पीछे आपसी रंजिश जैसी बात तो नहीं है। पुलिस आसपास के लोगों और संबंधित कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है। फिलहाल आरोपी फरार है।

निगरानी जोन में हत्या, लोगों में दहशत का माहौल

आरपीएफ कॉलोनी रेलवे स्टेशन से लगा हुआ संवेदनशील इलाका है। यहां RPF, GRP और स्थानीय पुलिस की निगरानी रहती है। ऐसे में इस क्षेत्र में हत्या जैसी गंभीर वारदात होने से आसपास रहने वालों में दहशत का माहौल देखा जा रहा है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *