



बलौदाबाजार। शराब दुकान में सेल्समैन की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 50 हजार रुपये लेने के आरोप में भाजपा से निष्कासित नेता कृष्णा अवस्थी के बेटे प्रणव अवस्थी के खिलाफ एक और एफआईआर दर्ज हुई है। मामला सिटी कोतवाली बलौदाबाजार का है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि नौकरी लगवाने के नाम पर उससे कुल 1.50 लाख रुपये मांगे गए थे।
इसमें से 50 हजार रुपये नकद देने के बाद भी नौकरी नहीं लगी और रकम वापस नहीं की गई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब कथित बैंक दस्तावेजों, पैसों के लेन-देन और शिकायत में बताए गए घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

नौकरी की तलाश में था शिकायतकर्ता
पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक महासमुंद जिले के ग्राम खेमड़ा निवासी कल्लूराम ध्रुव खेती-किसानी करते हैं और नौकरी की तलाश में थे। इसी दौरान उनकी पहचान अभनी यादव से हुई। शिकायत के अनुसार अप्रैल 2026 में नौकरी को लेकर बातचीत के दौरान अभनी यादव ने कल्लूराम को प्रणव अवस्थी का मोबाइल नंबर दिया। इसके बाद कल्लूराम ने फोन के जरिए प्रणव अवस्थी से संपर्क किया।
सेल्समैन की नौकरी के लिए 1.50 लाख मांगने का आरोप
शिकायतकर्ता का आरोप है कि फोन पर बातचीत के दौरान प्रणव अवस्थी ने शराब दुकान में सेल्समैन की नौकरी लगवाने का भरोसा दिया और इसके बदले 1.50 लाख रुपये की मांग की। आरोप के मुताबिक इसके बाद अप्रैल में प्रणव अवस्थी ने कल्लूराम को बलौदाबाजार बस स्टैंड बुलाया। यहां कथित तौर पर नौकरी लगवाने का भरोसा देकर 50 हजार रुपये नकद लिए गए। बाकी 1 लाख रुपये नौकरी लगने के बाद देने की बात कही गई थी।
नौकरी नहीं लगी तो रकम वापस मांगने का दावा
शिकायतकर्ता के अनुसार 50 हजार रुपये देने के बावजूद तय समय में नौकरी नहीं लगी। इसके बाद जब उन्होंने नौकरी और रकम को लेकर संपर्क किया तो कथित तौर पर उन्हें टालमटोल का सामना करना पड़ा। शिकायत में यह भी कहा गया है कि रकम वापस करने के संबंध में 25 अप्रैल और 1 अगस्त 2026 को व्हाट्सऐप के माध्यम से कुछ दस्तावेज भेजे गए।
इनमें इंडियन बैंक की 60 हजार रुपये की डीडी और 50 हजार रुपये खाते में भेजे जाने से संबंधित दस्तावेज बताए गए हैं। अब पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। जांच के बाद पूरे मामले की स्थिति और आरोपों की पुष्टि से जुड़े तथ्य स्पष्ट होंगे।
