जगदलपुर। बस्तर में लगातार हो रही बारिश के बीच शहर से लगे कुरंदी गांव के सुलियागुड़ा में दर्दनाक हादसा हो गया। यहां लगातार बारिश के कारण एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया, जिसकी चपेट में आने से 4 साल के मासूम बच्चे की मौत हो गई। हादसे में दो लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार महारानी अस्पताल में चल रहा है।

बताया जा रहा है कि पिछले करीब चार दिनों से क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही थी। इसके चलते मकान की मिट्टी की दीवारें कमजोर हो गई थीं। शनिवार दोपहर बाद अचानक पूरा मकान भरभराकर जमींदोज हो गया। हादसे के वक्त परिवार के लोग मकान के अंदर मौजूद थे।


इसी दौरान पहले कमरे में खेल रहा चार साल का बच्चा मलबे की चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने मलबा हटाकर दबे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। हालांकि बच्चे की जान नहीं बचाई जा सकी।

लगातार बारिश से क्षेत्र में कई जगह हादसों की स्थिति बनी हुई है। कहीं जलभराव और तेज बहाव के कारण लोगों के बहने की घटनाएं सामने आ रही हैं तो कहीं कमजोर मकानों के गिरने से नुकसान हो रहा है। प्रशासन की ओर से बारिश के दौरान लोगों को सतर्क रहने और जर्जर व कमजोर मकानों से दूर रहने की अपील की जा रही है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *