सरगुजा। छत्तीसगढ़ अंबिकापुर में कॉलेज छात्र ने 10 किलोमीटर दूर घुनघुट्टा डैम में कूदकर जान दे दी। घटना से कुछ देर पहले युवक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर फिल्म ‘आशिकी-2’ का एक स्टोरी पोस्ट किया था। घटना के करीब 15 घंटे बाद शुक्रवार को SDRF की टीम ने उसका शव डैम से बाहर निकाला। घटना दरिमा थाना क्षेत्र की है।

मणिपुर थाना क्षेत्र के बिलासपुर चौक निवासी रीतिक साहू (19) गुरुवार दोपहर स्कूटी से घुनघुट्टा डैम पहुंचा था। यहां उसने डैम में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद मछुआरों और कर्मचारियों ने उसे पानी में कूदते देखा। उन्होंने युवक को बचाने की कोशिश की, लेकिन पानी की गहराई अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली।


घंटो मशक्कत के बाद SDRF ने निकाला शव

घटना की सूचना दरिमा पुलिस को दी गई। शाम होने और अंधेरा बढ़ने के कारण गुरुवार को रेस्क्यू अभियान नहीं चलाया जा सका। शुक्रवार सुबह SDRF की टीम डैम पहुंची और तलाश शुरू की। कई घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर करीब 1 बजे रीतिक का शव बरामद किया गया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

पुलिस को युवक के दोस्तों और रिश्तेदारों से पता चला कि डैम जाने से पहले रीतिक ने फिल्म ‘आशिकी-2’ का एक स्टोरी इंस्टाग्राम पर स्टोरी पोस्ट किया था। हालांकि, इस स्टोरी और युवक की मौत के बीच कोई संबंध था या नहीं, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस घटना के कारणों और परिस्थितियों की जांच कर रही है।

पिता की मौत के बाद मां कर रही थी पालन-पोषण

रीतिक के पिता लक्ष्मण साहू की कई साल पहले मैनपाट क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद उसकी मां रीतिक और छोटी बेटी के साथ अपने मायके बिलासपुर चौक आ गई थी। वह काम कर दोनों बच्चों का पालन-पोषण कर रही थी।

रीतिक की मौत से परिवार सदमे में है। उसने इसी साल शहर के एक निजी स्कूल से 12वीं की परीक्षा पास की थी। परिजनों के मुताबिक, वह पढ़ाई में अच्छा था और इसी साल कॉलेज में एडमिशन लिया था। परिवार के लोग भी रीतिक के आत्महत्या करने की वजह के बारे में कुछ नहीं बता पा रहे हैं।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *