



दुर्ग। गुरुवार देर रात और शुक्रवार सुबह से हो रही लगातार बारिश के चलते रायपुर-दुर्ग नेशनल हाईवे पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हो गई है। कुम्हारी ओवरब्रिज के समीप चंदनडीह क्षेत्र में जलभराव के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही धीमी हो गई है। स्थिति को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस दुर्ग ने वाहन चालकों और आम नागरिकों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने रायपुर की ओर जाने वाले यात्रियों से प्रभावित मार्ग पर अनावश्यक दबाव न बनाने और संभव हो तो वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
सड़क पर जलभराव, धीमी हुई वाहनों की रफ्तार
रायपुर-दुर्ग नेशनल हाईवे स्थित कुम्हारी ओवरब्रिज के समीप चंदनडीह क्षेत्र में जलभराव के चलते यातायात प्रभावित है। सड़क पर पानी जमा होने के कारण वाहनों की आवाजाही धीमी गति से हो रही है। ऐसे में इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

रायपुर की ओर यात्रा करने वालों के लिए एडवाइजरी
दुर्ग पुलिस ने रायपुर की ओर यात्रा करने वाले नागरिकों से अपील की है कि, वे घर से निकलने से पहले पर्याप्त अतिरिक्त समय लेकर चलें। संभव हो तो निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और यातायात पुलिस की ओर से की गई डायवर्सन व्यवस्था का पालन करें। पुलिस ने लोगों से प्रभावित क्षेत्र में अनावश्यक रूप से प्रवेश करने से बचने की अपील की है, ताकि सड़क पर वाहनों का दबाव कम रहे और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में मदद मिल सके।
इन वैकल्पिक मार्गों का करें उपयोग
राजनांदगांव की ओर से रायपुर जाने वाले भारी वाहन
अंजोरा बाईपास पुलगांव चौक, अंडा, रिसामा, गाड़ाडीह, मर्रा, जामगांव (एम), मोतीपुर व अमलेश्वर होते हुए रायपुर।
बालोद की ओर से रायपुर जाने वाले भारी वाहन
अंडा, रिसामा, गाड़ाडीह, मर्रा, जामगांव (एम), मोतीपुर, अमलेश्वर से रायपुर।
ट्रांसपोर्ट नगर, भिलाई अथवा नेशनल हाईवे से रायपुर जाने वाले वाहन
अहिरवारा मोड़, कुम्हारी, मुरमुंडा चौक, कोचेबंद, मलपुरी कला, भालेसर, कंडरका चौक, पथरीडी, उरला, बिरगांव से रायपुर।
भिलाई एवं भिलाई स्टील प्लांट के कर्मचारियों के रायपुर जाने वाले वाहन
उतई, सेलूद, फूंडा होते हुए मोतीपुर मार्ग।
