कोंडागांव। नेशनल हाईवे-30 पर छत्तीसगढ़ कोंडागांव जिले के फरसगांव आवाराभाटा के पास गुरुवार शाम करीब 6 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बहीगांव के साप्ताहिक बाजार से रोजमर्रा की खरीदारी कर ऑटो में सवार होकर अपने घर लौट रहे ग्रामीणों के वाहन को मस्सुकोकोड़ा और आवाराभाटा के बीच एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि आठ वर्षीय मासूम बच्ची समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते लोगों की भीड़ जमा हो गई।


बाजार की खुशियां मातम में बदलीं, दो महिलाओं की मौत

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, ग्रामीण गुरुवार शाम बहीगांव के साप्ताहिक बाजार से सामान खरीदकर ऑटो से अपने गांव लौट रहे थे। मस्सुकोकोड़ा और आवाराभाटा के बीच पहुंचते ही सामने या पीछे से आ रही एक अज्ञात कार ने ऑटो को जबरदस्त टक्कर मार दी। इस हादसे में रूपी बाई और प्रमिला मरकाम (पति रामलाल मरकाम) की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं, हादसे में रामलाल मरकाम, उनकी आठ वर्षीय बेटी पम्मी मरकाम, जयलू नेताम, अमाय बाई (पति सुकुडू), राजमा नेताम (पति गाडोराम) और चरको बाई (पति पतिराम) घायल हो गए। इसके अलावा ऑटो चालक को भी मामूली चोटें आई हैं। घटना की खबर मिलते ही पीड़ित परिवारों में कोहराम मच गया।

तीन की हालत नाजुक, जिला अस्पताल रेफर

हादसे में घायल हुए लोगों को तत्काल स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने तीन घायलों की स्थिति को गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। गंभीर रूप से घायलों में अमाय बाई, राजमा बाई और चरको बाई शामिल हैं। अन्य घायलों का उपचार जारी है और चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

पुलिस ने संभाला मोर्चा, अज्ञात वाहन की तलाश तेज

सड़क दुर्घटना की सूचना मिलते ही फरसगांव पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को अस्पताल भिजवाने की व्यवस्था की और दोनों मृत महिलाओं के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हादसे के बाद चालक अपनी कार समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के मार्गों और संभावित रास्तों पर जानकारी जुटाते हुए टक्कर मारने वाली अज्ञात कार और उसके चालक की पहचान व तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *