

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में बुजुर्ग दंपति की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी ने दोनों के सिर पर वार कर घटना को अंजाम दिया। डबल मर्डर की सूचना के बाद मौके पर जिले के एसपी प्रफुल्ल ठाकुर, डॉग स्क्वायड और एफएसल की टीम पहुंची। घटना की जांच की जा रही है। वहीँ, डबल हत्या की वारदात से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है। ग्रामीण घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चा कर रहे है।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, घटना मालखरौदा क्षेत्र के संदुरस गांव की है। मृतक बुजुर्ग दंपति पुरूषोत्तम खूंटे 70 वर्ष अपनी पत्नी गोहारिन बाई 55 वर्ष के साथ घर में रहता था। आज सुबह से जब घर के अंदर से किसी तरह की कोई हलचल पड़ोसियों को सुनाई नहीं दी तो उन्होंने घर के अंदर जाकर देखा।

इस दौरान कमरे में दोनों बुजुर्ग दंपति का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना मालखरौदा पुलिस को दी। एसपी प्रफुल्ल ठाकुर, डॉग स्क्वायड और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान पति-पत्नी का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था। जांच में पता चला है कि आरोपी ने दोनों की हत्या किसी वजनदार वस्तु से सिर कुचलकर की।


पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। फिलहाल हमलावर कौन थे? और क्यों बुजुर्ग दंपति की हत्या की गई? इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। पुलिस की टीम ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद मौके के कारणों का पता चल पाएगा।
वहीं, पुलिस की टीम आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है। घटना को लेकर एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने कहा कि मामले में जांच की जा रही है। पड़ोसियों से पूछताछ जारी है। जल्द ही हत्या के आरोपियों को पकड़कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
