दुर्ग। पहले मिलकर शराब पार्टी की, फिर विवाद हो गया और गाली-गलौच कर दी। इससे नाराज युवक ने सिर पर सब्बल दे मारा और जानलेवा हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद सब्बल व कपड़ों को तालाब में फेंक दिया। छत्तीसगढ़ दुर्ग में शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद दोस्त ने युवक की हत्या कर दी।

आरोपी ने युवक के सिर पर सब्बल से ताबड़तोड़ वार कर उसकी जान ले ली। हत्या के बाद सबूत मिटाने की नीयत से सब्बल और पहने हुए कपड़ों को पास के तालाब में फेंक दिया। पुलिस जांच में इस बात का खुलासा हुआ, युवक आरोपी के घर खाना खाने गया था।


खाना खाने के बाद वह गाली-गलौज करने लगा। इससे नाराज होकर आरोपी ने उस पर सब्बल से हमला कर दिया। घटना के समय उनका एक अन्य दोस्त भी मौके पर मौजूद था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामला नंदिनी नगर थाना क्षेत्र के ग्राम डूमर का है।

पानी टंकी के पास मिला शव

शुक्रवार सुबह ग्राम डूमर के कोटवार ने नंदिनी नगर पुलिस को सूचना दी कि गांव की पानी टंकी के पास सिंटेक्स टंकी रखने वाले चबूतरे पर युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। युवक के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले। शुरुआत में उसकी पहचान नहीं हो सकी। बाद में शरीर पर बने गोदना (टैटू) के आधार पर उसकी पहचान ग्राम पथरिया निवासी चेतन ठाकुर (19) के रूप में हुई।

गाली-गलौच से था नाराज, चबूतरे पर सो रहा था, तब किया हमला

पुलिस जांच में पता चला, चेतन ठाकुर, रोमनाथ उर्फ लालू यादव और राहुल कुर्रे ने एक साथ शराब पी थी। इसके बाद चेतन, लालू यादव के घर खाना खाने गया। खाना खाने के बाद वह वहीं गाली-गलौज करने लगा। इससे नाराज होकर लालू यादव ने उससे बदला लेने की ठान ली। रात में जब चेतन गांव के चबूतरे पर सो रहा था, तब लालू सब्बल लेकर वहां पहुंचा और उसके सिर पर कई वार कर दिए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद लालू ने सब्बल, टी-शर्ट और जींस गांव के पुराने गौठान के पास स्थित तालाब में फेंक दिया। एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने करीब 10 फीट गहरे पानी में उतरकर हत्या में इस्तेमाल सब्बल, टी-शर्ट और जींस बरामद कर पुलिस को सौंप दिए। बरामद सामान को पुलिस ने जब्त कर लिया है।

दोनों आरोपी को ज्यूडिशियल रिमांड पर भेजा जेल

एसडीओपी अनूप लकड़ा ने बताया, शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली थी। जांच के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर लालू यादव और राहुल कुर्रे को हिरासत में लिया। पूछताछ में लालू यादव ने हत्या करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर तालाब से सब्बल और वारदात के समय पहने गए कपड़े भी बरामद कर लिए गए हैं। आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *