
रायगढ़ / छत्तीसगढ़ के रायगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस की टीम ने चोरी करते एक चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी गैस कटर से एटीएम को तोड़कर रूपए निकालने की कोशिश कर रहा था। एसएसपी ने घटना को असफल करने वाले तीन आरक्षकों को नगद पुरस्कार से सम्मनित किया है।
जानिए पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक घटना बीती रात 3 बजे के आसपास की है। पुलिस को गेरवानी स्थित एटीएम पर संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल एक्शन लिया। थाना प्रभारी निरीक्षक रामकिंकर यादव के निर्देश पर गश्त टीम के आरक्षक चंद्रशेखर चंद्राकर, विक्रांत भगत और नरेंद्र कुमार पैकरा मौके पर पहुंचे। इस दौरान आरोपी एटीएम मशीन को क्षतिग्रस्त कर कैश निकालने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर आरोपी पंकज कुमार पासवान को काबू किया। आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त गैस कटर बरामद किए गए। पूछताछ में आरोपी पंकज पासवान ने बताया कि वह प्लांट में वेल्डिंग का काम करता था। ट्रांसपोर्ट व्यवसाय में नुकसान और कर्ज के दबाव के चलते उसने एटीएम से चोरी की योजना बनाई थी।


इस घटना से एटीएम मशीन को 3,50,000 रूपये का नुकसान हुआ। घटना के संबंध में इंडिया वन प्राइवेट लिमिटेड के कर्मचारी दीपक दास महंत की रिपोर्ट पर आरोपी के विरूद्ध थाना पूंजीपथरा में अपराध क्रमांक 88/2026 धारा 305, 316,331(4),62 BNS के तहत अपराध पंजीबद्ध किया।
साथ ही आरोपी पंकज कुमार पासवान पिता योगेन्द्र पासवान 29 साल निवासी ग्राम डूबरीडीह थाना हरिहरगंज जिला पलामू झारखंड हाल मुकाम छटघाट नीचे पारा गेरवानी रायगढ़ को गिरफ्तार कर रिमांड पर भेजा गया। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने थाना प्रभारी रामकिंकर यादव व पूरी टीम की पीठ थपथपाई व उत्कृष्ट कार्य के लिए तीनों आरक्षक- चंद्रशेखर चंद्राकर, विक्रांत भगत और नरेंद्र कुमार पैकरा को नगद ईनाम राशि से सम्मानित किया।
