जांजगीर-चांपा/ छत्तीसगढ़ जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ ब्लॉक के शासकीय प्राथमिक शाला तेलीपारा डोंगाकोहरौद के प्रधान पाठक को कलेक्टर जन्मेजय महोबे के आदेश पर डीईओ ने निलंबित कर दिया है। सोशल मीडिया में वीडियाे वायरल होने और ग्रामीणों की शिकायत के बाद कलेक्टर ने यह कार्रवाई की है।

कलेक्टर के निर्देश पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी, पामगढ़ द्वारा की गई जांच एवं प्रस्तुत प्रतिवेदन के आधार पर जिला शिक्षा अधिकारी ने प्रधान पाठक भुवनेश्वर कौशिक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश में लिखा है, सोशल मीडिया एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में प्रसारित वीडियो तथा जांच प्रतिवेदन के आधार पर प्रथम दृष्टया संबंधित प्रधान पाठक का आचरण गंभीर कदाचार की श्रेणी में पाया गया।


उनका कृत्य छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 के विपरीत पाए जाने पर छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम-9 के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में कौशिक का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, नवागढ़ निर्धारित किया गया है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *