



By poornima shukla
*छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निकाय चुनावों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली हेतु संशोधित समय-सारणी जारी*

छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग ने राज्य की नगर पालिकाओं के आगामी आम/उप निर्वाचन दिसंबर 2026 के मद्देनजर फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली तैयार करने के कार्यक्रम में आंशिक संशोधन किया है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित संशोधित आदेश के तहत अब दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अंतिम तिथि 03 नवम्बर 2026 को अपरान्ह 3 बजे तक तय की गई है। इसके पश्चात प्राप्त होने वाले दावों तथा आपत्तियों के निपटारे की अंतिम तिथि 06 नवम्बर 2026 निर्धारित की गई है।
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा छत्तीसगढ़ नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 की धारा 14 (1), छत्तीसगढ़ नगर पालिका अधिनियम, 1961 की धारा 32 (1) तथा छत्तीसगढ़ नगर पालिका निर्वाचन नियम, 1994 के नियम 8 (2) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह निर्णय लिया गया है।
