



रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के महादेव घाट में एक युवक डूब गया। बताया जा रहा हैं कि युवक अपने जीजा के साथ बहन की अस्थियां विसर्जित करने के लिए पहुंचा था। युवक जैसे ही नदी में उतरा, इस दौरान हादसे का शिकार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही SDRF की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश की जा रही है।
युवक की हुई पहचान
जानकारी के मुताबिक, घटना आज दोपहर 12:30 बजे के आसपास की बताई जा रही है। रायपुर के सतनामी पारा निवासी युधिष्ठिर सारंग 35 वर्ष अपनी बहन की अस्थियां लेकर जीजा के साथ महादेव घाट पहुंचा था। युधिष्ठिर अपने जीजा के साथ खारून नदी में अस्थि विसर्जन के बाद नहा रहा था। इसी दौरान एनीकट के नीचे बने भंवर में फंसकर डूब गया।

साले को डूबता देख जीजा ने मछुआरों से मदद मांगी, लेकिन जब तक के युधिष्ठिर पूरी तरह पानी में डूब चुका था। लोगों ने तत्काल घटना की जानकारी डीडी नगर पुलिस को दी। पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम के साथ डूबे हुए युवक की तलाश की जा रही है। वहीं, इस घटना के बाद से मौके पर मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
बहन की 25 अगस्त को हुई थी मौत
बताया जा रहा हैं कि बहन गीतेश्वरी की तबीयत खराब होने से 25 अगस्त को उसकी मौत हो गई थी। शुक्रवार को परिवार के लोग उसकी अस्थियों को लेकर विसर्जन करने के लिए खारून नदी पहुंचे थे। नदी में जीजा रामेश्वर और युधिष्ठिर उतरे। इसी दौरान गहरे पानी में डूबने लगे। रामेश्वर को तो मछुआरों ने बचा लिया, लेकिन युधिष्ठिर पानी में डूब गया। मौके पर एसडीआरएफ की टीम मौजूद है और गहरे पानी में डूबे युवक की तलाश की जा रही है।
