रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में बड़ी कार्रवाई हुई है। मामले के आरोपी विकास अग्रवाल को आज संयुक्त अरब अमीरात (UAE) से भारत लाया गया है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने विदेश मंत्रालय (MEA), गृह मंत्रालय (MHA) और छत्तीसगढ़ पुलिस के साथ मिलकर, ‘रेड नोटिस’ वाले व्यक्ति विकास अग्रवाल को UAE से भारत वापस लाने में सफलता हासिल की है। अब आरोपी को छत्तीसगढ़ लाने और आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी करने की तैयारी की जा रही है।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, विकास अग्रवाल को शराब सिंडिकेट का ‘मनीमैन’ बताया गया है। उस पर डिस्टिलरी संचालकों से कमीशन की रकम वसूलने और उसे सिंडिकेट के अन्य सदस्यों के बीच बांटने का आरोप है। जांच में यह भी आरोप सामने आया है कि कमीशन की रकम अधिकारियों और अन्य लाभार्थियों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी विकास अग्रवाल की थी।


2019 से 2022 के बीच शराब वितरण में गड़बड़ी का आरोप

छत्तीसगढ़ में वर्ष 2019 से 2022 के बीच शराब वितरण व्यवस्था में अनियमितताओं और सिंडिकेट के जरिए अवैध कमीशन वसूली का मामला सामने आया था। आरोप है कि इस पूरे नेटवर्क के चलते सरकारी खजाने को 1280 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ। मामले में जांच एजेंसियां लंबे समय से आरोपियों और आर्थिक लेन-देन की कड़ियों की पड़ताल कर रही है।

विकास डिस्टिलरीज (शराब बनाने वाली इकाइयों) से कमीशन इकट्ठा करके उसे सरकारी अधिकारियों और अन्य लाभार्थियों तक पहुंचाने का काम करता था। इसके अलावा, उसने अपराध से मिली रकम को अलग-अलग कंपनियों और वित्तीय व्यवस्थाओं के जरिए इधर-उधर किया, ताकि इस पैसे के स्रोत और असली मालिक का पता न चल सके।

नवंबर 2024 में दाखिल हो चुकी है चार्जशीट

शराब घोटाले की जांच के दौरान कई आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इस मामले में नवंबर 2024 में ही अदालत में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। आरोपी तब से फरार चल रहा था। अब UAE से विकास अग्रवाल को भारत लाए जाने के बाद जांच में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम आरोपी को रायपुर लाने की तैयारी में है। उसके भारत पहुंचने के बाद पूछताछ और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं के जरिए शराब घोटाले से जुड़े नेटवर्क और वित्तीय लेन-देन की अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद है।

2026 में वापस लाए गए 78 भगोड़े

छत्तीसगढ़ पुलिस के अनुरोध पर, NCB-नई दिल्ली ने इंटरपोल (INTERPOL) के जरिए इस व्यक्ति के खिलाफ ‘रेड नोटिस’ जारी करवाया। इसके बाद, UAE के अधिकारियों ने उसकी लोकेशन का पता लगाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद, UAE के अधिकारियों ने उसे भारत को सौंप दिया। छत्तीसगढ़ पुलिस की एक टीम UAE गई, जहां दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उसे भारत की इस टीम को सौंप दिया गया।

यह टीम 27 नवंबर को उस व्यक्ति के साथ मुंबई हवाई अड्डे पहुंची। भारत में इंटरपोल के ‘नेशनल सेंट्रल ब्यूरो’ के रूप में, CBI देश भर की कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ ‘भारतपोल’ (BHARATPOL) के माध्यम से समन्वय करती है, ताकि अंतरराष्ट्रीय पुलिस सहयोग को बढ़ावा मिल सके। 2019 से अब तक, इंटरपोल के जरिए 300 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया गया है्। इनमें 2026 में वापस लाए गए 78 भगोड़े भी शामिल हैं।

Share on