



रायपुर/ छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से बड़ी खबर सामने आई है। राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई हैं। उन्हें उपचार के लिए रायपुर एम्स (AIIMS) में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक, सांसद बलौदाबाजार में आयोजित कार्यक्रम से लौट रही थीं। इसी दौरान रायपुर-खरोरा मार्ग पर उनकी गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में सांसद के ड्राइवर को भी गंभीर चोटें आई हैं। उनके सीने और हाथ में चोट लगने की जानकारी सामने आई है।
रायपुर-खरोरा मार्ग पर कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, रायपुर-खरोरा मार्ग पर कार और ट्रैक्टर के बीच जोरदार भिड़ंत हुई थी। इस घटना के कुछ देर बाद राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा की गाड़ी भी दुर्घटना का शिकार हो गई। सांसद बलौदाबाजार के कार्यक्रम से लौट रही थीं। हादसे के समय उनकी गाड़ी में कुल चार लोग सवार थे।


गंभीर हालत में AIIMS में भर्ती सांसद लक्ष्मी वर्मा
हादसे में सांसद लक्ष्मी वर्मा को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल बेहतर उपचार के लिए रायपुर एम्स में भर्ती कराया गया है। वहीं, उनके ड्राइवर के सीने और हाथ में चोट आई है। अन्य घायलों को खरोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है।
खरोरा पुलिस कर रही हादसे की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही खरोरा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और दोनों हादसों के बीच क्या संबंध है, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल सांसद लक्ष्मी वर्मा के स्वास्थ्य को लेकर विस्तृत मेडिकल बुलेटिन और आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।



