दुर्ग। सेलर पैनल बाजार दर से कम कीमत पर उपलब्ध कराने के नाम पर ग्राहकों से ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी इंस्टाॅलेशन कराने का झांसा देकर ऑनलाइन ठगी करता था। दुर्ग पुलिस ने आरोपी को मुंबई से गिरफ्तार किया है।

जानिए पूरा मामला

पीड़ित नवीन कुमार द्वारा 5 सितंबर को चौकी स्मृतिनगर में लिखित शिकायत प्रस्तुत की गई थी कि 24 जून को मोबाइल फोन के माध्यम से संपर्क करने वाले स्नेहा एवं कंपनी मैनेजर कमलेश पाटिल द्वारा खुद को सनरुट एनर्जी सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड, मुंबई महाराष्ट्र का बताया था। प्रार्थी की फर्म को बाजार दर से कम कीमत पर सोलर पैनल उपलब्ध कराने तथा ग्राहकों के यहां इंस्टॉलेशन कराने का प्रस्ताव दिया था।


आरोपियों द्वारा विश्वास में लेकर प्रार्थी से कंपनी के नाम पर राशि जमा कराई गई। इस पर प्रार्थी द्वारा अपने बैंक ऑफ बड़ौदा, नंदनी रोड भिलाई एवं कोटक महिंद्रा बैंक, सुपेला स्थित खातों से IMPS व RTGS के माध्यम से कुल 34,00,000 कंपनी के एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक, मुंबई स्थित खाते में हस्तांतरित किए गए। बाद में धोखाधड़ी किए जाने की शिकायत पर थाना सुपेला, चौकी स्मृतिनगर में धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जाँच में लिया गया।

पहले भी जा चुके जेल

जाँच के दौरान साइबर सेल व संबंधित बैंकों से संदिग्ध मोबाइल नंबरों तथा बैंक खातों की जानकारी प्राप्त की गई। प्रार्थी के कथन व विवेचना में प्राप्त तथ्यों के आधार पर विवेक मिश्रा के नाम सामने आए। आरोपी थाना बांगुर नगर, मुंबई के अपराध क्रमांक 880/2026, धारा 316(2), 318(4), 3(5) बीएनएस के प्रकरण में पूर्व से गिरफ्तार होकर न्यायिक अभिरक्षा में सेंट्रल जेल मुंबई में निरुद्ध थे।

चौकी स्मृतिनगर पुलिस टीम द्वारा स्थानीय पुलिस एवं जेल प्रशासन से समन्वय स्थापित कर न्यायालय दुर्ग से प्रोडक्शन वारंट लिया गया। इसके पश्चात वैधानिक प्रक्रिया पूर्ण कर आरोपिय को मुंबई से एक को ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया गया। न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने के उपरांत पुलिस रिमांड प्राप्त कर प्रकरण में अग्रिम पूछताछ व जाँच कार्रवाई की जा रही है।

आरोपी का नाम

विवेक मिश्रा, उम्र 27 वर्ष, निवासी कब्रिस्तान के पास, श्रीराम घर चाल, नाका सुपाड़ा पूर्व, पालघर, महाराष्ट्र।

दुर्ग पुलिस की अपील

”किसी भी कंपनी या व्यक्ति से ऑनलाइन व्यापारिक लेन-देन करने से पूर्व उसकी वैधता, पंजीयन, कार्यालय एवं बैंक खाते की प्रमाणिकता की जांच अवश्य करें। बाजार दर से असामान्य रूप से कम कीमत पर सामान उपलब्ध कराने के प्रस्तावों के प्रति सतर्क रहें।”

Share on