रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। घरघोड़ा क्षेत्र में भेंगारी से टीआरएन जाने वाले मार्ग पर एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर टीआरएन कंपनी की दीवार से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार, हादसा बीती रात करीब 8 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि बाइक पर तीन युवक सवार थे और वे भेंगारी की ओर से टीआरएन कंपनी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे स्थित टीआरएन कंपनी की दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।


हादसे की सूचना आसपास मौजूद लोगों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही घरघोड़ा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवकों और घायल युवक की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस उनकी पहचान के लिए आवश्यक जानकारी जुटा रही है। साथ ही परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *