Banking Jobs 2026: बैंकिंग सेक्टर में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सितंबर का महीना कई मौके लेकर आया है. देश के अलग-अलग बैंकों और बैंकिंग संस्थानों में इस समय कई पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है.खास बात यह है कि इन भर्तियों में फ्रेशर से लेकर अनुभवी उम्मीदवारों तक के लिए अवसर हैं. एसबीआई, बैंक ऑफ बड़ौदा, आईबीपीएस, बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन ओवरसीज बैंक और नैनीताल बैंक समेत सात भर्तियों के जरिए कुल 18,104 पद भरे जाएंगे हालांकि सभी भर्तियों के लिए योग्यता, अनुभव, आयु सीमा और चयन प्रक्रिया एक जैसी नहीं है.

कुछ पदों पर उम्मीदवारों का चयन ऑनलाइन परीक्षा के जरिए होगा जबकि कुछ भर्तियों में इंटरव्‍यू और अनुभव को आधार बनाया जाएगा. ऐसे में बैंकिंग कॉम्पीटीटिव एग्जाम की तैयारी कर रहे उम्मीदवार अपनी योग्यता और अनुभव के अनुसार इन भर्तियों में आवेदन कर सकते हैं.


SBI में 283 स्पेशलिस्ट ऑफिसर पद

भारतीय स्टेट बैंक यानी एसबीआई ने स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर भर्ती 2026 के तहत कुल 283 पदों पर आवेदन मांगे हैं.इस भर्ती की खास बात यह है कि इसमें उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा नहीं देनी होगी.सेलेक्‍शन इंटरव्‍यू और एक्‍सपीरिएंस के आधार पर किया जाएगा.इस भर्ती में निर्धारित पात्रता मानदंड पूरा करने वाले अनुभवी उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 25 सितंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.

बैंक ऑफ बड़ौदा में 1,100 पद, अनुभव भी जरूरी

बैंक ऑफ बड़ौदा ने स्पेशलिस्ट ऑफिसर भर्ती 2026 के तहत वेल्थ एग्जीक्यूटिव और क्रेडिट एनालिस्ट के कुल 1,100 पदों पर भर्ती निकाली है.उम्मीदवार इस भर्ती के लिए 24 सितंबर 2026 तक बैंक की आधिकारिक वेबसाइट bankofbaroda.bank.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.इन पदों के लिए उम्मीदवार के पास संबंधित योग्यता के साथ अनुभव होना जरूरी है.

योग्यता के तौर पर स्नातक और कुछ पदों के लिए स्नातक के साथ सीए की योग्यता मांगी गई है. संबंधित क्षेत्र में अनुभव भी अनिवार्य है.वेतन की बात करें तो वेल्थ एग्जीक्यूटिव पद के लिए वेतनमान 48,480 रुपये से 85,920 रुपये तक है.वहीं क्रेडिट एनालिस्ट पद पर चयनित उम्मीदवारों को 64,820 रुपये से 93,960 रुपये के वेतनमान में नियुक्त किया जाएगा.

IBPS RRB में सबसे ज्यादा 13,706 पद

बैंकिंग क्षेत्र की इन भर्तियों में सबसे बड़ा मौका आईबीपीएस आरआरबी भर्ती 2026 में है.इंस्टीट्यूट ऑफ बैंकिंग पर्सनेल सेलेक्शन यानी आईबीपीएस ने क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों में अधिकारी स्केल-I, स्केल-II, स्केल-III और ऑफिस असिस्टेंट यानी ग्रुप-बी के कुल 13,706 पदों पर भर्ती निकाली है.योग्य उम्मीदवार 21 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं.

इस भर्ती में उम्मीदवारों को आवेदन करते समय एक जरूरी बात का ध्यान रखना होगा. उम्मीदवार कार्यालय सहायक और अधिकारी वर्ग में केवल एक पद के लिए आवेदन कर सकते हैं.अधिकारी वर्ग में स्केल-I, स्केल-II या स्केल-III में से किसी एक का ही विकल्प चुना जा सकता है.अगर कोई उम्मीदवार कार्यालय सहायक और अधिकारी दोनों पदों के लिए आवेदन करना चाहता है तो उसे दोनों के लिए अलग-अलग आवेदन और शुल्क देना होगा.

बैंक ऑफ इंडिया में 205 अधिकारियों की भर्ती

बैंक ऑफ इंडिया ने स्केल-IV तक के अधिकारियों के कुल 205 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं.इस भर्ती में तकनीकी, सूचना सुरक्षा, कानून, अग्निशमन और सुरक्षा समेत कई क्षेत्रों से जुड़े पद शामिल हैं.इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 10 सितंबर 2026 से शुरू होगी.उम्मीदवार 25 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे.

पद के अनुसार अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता निर्धारित की गई है.संबंधित क्षेत्र में बीई, बीटेक, एमटेक, एमसीए का तीन वर्ष का पूर्णकालिक पाठ्यक्रम, एमएससी या स्नातक डिग्री रखने वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं.चयन प्रक्रिया में ऑनलाइन परीक्षा और/या साक्षात्कार समेत अन्य चरण शामिल हो सकते हैं.उम्मीदवारों का चयन संबंधित पद की आवश्यकता और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार किया जाएगा.

इंडियन ओवरसीज बैंक में स्पेशलिस्ट ऑफिसर के 291 पद

इंडियन ओवरसीज बैंक यानी आईओबी ने भी स्पेशलिस्ट ऑफिसर के 291 पदों पर भर्ती निकाली है. इस भर्ती के तहत जेएमजीएस-I, एमएमजीएस-II और एमएमजीएस-III श्रेणी के पदों को भरा जाएगा.इन पदों के लिए निर्धारित वेतन श्रेणी के अनुसार न्यूनतम वेतन 48,480 रुपये से लेकर अधिकतम 1,05,280 रुपये प्रतिमाह तक है.

इस भर्ती में 22 से 45 वर्ष तक की आयु वाले उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं.आईओबी स्पेशलिस्ट ऑफिसर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तारीख 15 सितंबर 2026 है इसलिए पात्र उम्मीदवारों के पास आवेदन पूरा करने के लिए सीमित समय है.

बैंक ऑफ बड़ौदा लोकल बैंक ऑफिसर के 2,482 पद

बैंक ऑफ बड़ौदा ने लोकल बैंक ऑफिसर यानी एलबीओ भर्ती 2026 के तहत 2,482 पदों पर भर्ती निकाली है.यह भर्ती उन उम्मीदवारों के लिए खास है जिनके पास बैंकिंग क्षेत्र में अधिकारी स्तर का अनुभव है.इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार के पास स्नातक डिग्री के साथ कम से कम एक साल का अधिकारी स्तर का अनुभव होना जरूरी है.

चयनित उम्मीदवारों को जेएमजी/एस-I स्केल के अनुसार 48,480 रुपये से 85,920 रुपये के वेतनमान में नियुक्त किया जाएगा. इसके साथ ही चयनित उम्मीदवारों को कम से कम तीन साल तक सेवा देने का बॉन्ड भी देना होगा.इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तारीख 7 सितंबर 2026 है यानी इच्छुक उम्मीदवारों के लिए आवेदन का आज आखिरी मौका है.

नैनीताल बैंक में स्पेशलिस्ट ऑफिसर के 37 पद

नैनीताल बैंक लिमिटेड ने भी स्पेशलिस्ट ऑफिसर के पदों पर भर्ती निकाली है.इस भर्ती के तहत ग्रेड/स्केल-I, II और III में कुल 37 पद भरे जाएंगे.ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तारीख 7 सितंबर 2026 है. इस भर्ती की परीक्षा अक्तूबर 2026 में आयोजित की जानी निर्धारित है.इसलिए जिन उम्मीदवारों की योग्यता संबंधित पदों के अनुरूप है उन्हें अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए.

सात भर्तियों में कुल 18,104 पद

अगर इन सभी भर्तियों को एक साथ देखें तो बैंकिंग सेक्टर में इस समय कुल 18,104 पदों पर भर्ती का मौका है.इनमें सबसे ज्यादा 13,706 पद आईबीपीएस आरआरबी में हैं. इसके बाद बैंक ऑफ बड़ौदा लोकल बैंक ऑफिसर के 2,482 पद, बैंक ऑफ बड़ौदा स्पेशलिस्ट ऑफिसर के 1,100 पद, इंडियन ओवरसीज बैंक के 291 पद, एसबीआई के 283 पद, बैंक ऑफ इंडिया के 205 पद और नैनीताल बैंक के 37 पद शामिल हैं.इस तरह इन सात भर्तियों में अलग-अलग योग्यता और अनुभव वाले उम्मीदवारों के लिए सरकारी बैंकिंग सेक्टर में नौकरी पाने के कई रास्ते खुले हुए हैं.

फ्रेशर और अनुभवी उम्मीदवारों के लिए अलग-अलग मौके

इन भर्तियों को देखें तो हर उम्मीदवार के लिए एक जैसा अवसर नहीं है. कुछ पदों पर संबंधित क्षेत्र में अनुभव जरूरी है जबकि कुछ भर्तियां बैंकिंग प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए ज्यादा उपयोगी हो सकती हैं.एसबीआई की स्पेशलिस्ट ऑफिसर भर्ती में चयन साक्षात्कार और अनुभव के आधार पर होगा. बैंक ऑफ बड़ौदा की दोनों भर्तियों में भी संबंधित योग्यता और अनुभव की अहम भूमिका है.

वहीं आईबीपीएस आरआरबी जैसी भर्ती में अधिकारी और कार्यालय सहायक पदों के लिए बड़ी संख्या में अवसर हैं.इसलिए उम्मीदवार को केवल पदों की संख्या देखकर आवेदन नहीं करना चाहिए, बल्कि पहले यह देखना चाहिए कि उसकी शैक्षणिक योग्यता, उम्र और अनुभव संबंधित पद की शर्तों को पूरा करते हैं या नहीं.

आज किन भर्तियों की अंतिम तारीख है?

7 सितंबर 2026 को दो भर्तियों के लिए आवेदन की अंतिम तारीख है. इनमें बैंक ऑफ बड़ौदा लोकल बैंक ऑफिसर भर्ती 2026 और नैनीताल बैंक स्पेशलिस्ट ऑफिसर भर्ती 2026 शामिल हैं.इसके बाद आईओबी स्पेशलिस्ट ऑफिसर भर्ती की अंतिम तारीख 15 सितंबर, आईबीपीएस आरआरबी भर्ती की 21 सितंबर, बैंक ऑफ बड़ौदा स्पेशलिस्ट ऑफिसर भर्ती की 24 सितंबर और एसबीआई स्पेशलिस्ट कैडर ऑफिसर तथा बैंक ऑफ इंडिया भर्ती की अंतिम तारीख 25 सितंबर 2026 है.

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *