Railway NTPC Vacancy 2026: रेलवे बोर्ड ने वर्ष 2026 में एनटीपीसी (नॉन-टेक्निकल पॉपुलर कैटेगरी) के तहत 5165 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी है. इनमें 3477 पद ग्रेजुएट लेवल और 1688 पद स्नातक से नीचे की श्रेणी के हैं. रेलवे ने जोनल रेलवे और प्रोडक्शन यूनिट्स को 7 से 15 सितंबर तक भर्ती के लिए अंतिम मांग भेजने को कहा है. हालांकि, अभी आवेदन शुरू होने की तारीख, एलिजिबिलिटी, एज लिमिट, आवेदन के लिए फीस और परीक्षा की तारीख घोषित नहीं हुई है. इनकी जानकारी केंद्रीयकृत रोजगार नोटिफिकेशन जारी होने के बाद मिलेगी.

ग्रेजुएट लेवल पर इन पदों पर होगी भर्ती

ग्रेजुएट लेवल के 3477 पदों में सबसे ज्यादा 2750 पद मालगाड़ी प्रबंधक के हैं. इसके अलावा वरिष्ठ लिपिक सह टंकक के 371, कनिष्ठ लेखा सह टंकक के 300 और मुख्य वाणिज्यिक सह टिकट पर्यवेक्षक के 56 पद शामिल हैं. वहीं स्नातक से नीचे की श्रेणी में कुल 1688 पद हैं. इनमें वाणिज्यिक सह टिकट लिपिक के 700, कनिष्ठ लिपिक सह टंकक के 600, लेखा लिपिक सह टंकक के 200 और ट्रेन लिपिक के 188 पद हैं.


बोर्ड के तय शेड्यूल के अनुसार 16 से 22 सितंबर तक मुख्य कार्मिक अधिकारी कार्यालय स्तर पर प्रक्रिया पूरी होगी. इसके बाद 23 से 25 सितंबर तक रेलवे भर्ती बोर्ड और 26 सितंबर से नोडल रेलवे भर्ती बोर्ड स्तर पर प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.

टाइपिंग टेस्ट में भाषा का विकल्प जरूरी

एनटीपीसी ग्रेजुएट भर्ती के टाइपिंग टेस्ट में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को 15 सितंबर शाम 7 बजे तक हिंदी या अंग्रेजी भाषा का विकल्प चुनना होगा. विकल्प नहीं चुनने पर टेस्ट अंग्रेजी में देना होगा और बाद में भाषा बदलने की अनुमति नहीं होगी.

टेस्ट का कुल समय 16 मिनट होगा. इसमें एक मिनट वार्मअप, पांच मिनट का ब्रेक और 10 मिनट मुख्य टाइपिंग के लिए मिलेंगे. अंग्रेजी में 30 शब्द प्रति मिनट और हिंदी में 25 शब्द प्रति मिनट की स्पीड जरूरी होगी. हिंदी टाइपिंग के लिए कृतिदेव और मंगल फॉन्ट का विकल्प रहेगा.

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *