दुर्ग। सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से सट्टा गतिविधियों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ दुर्ग पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। थाना उतई पुलिस ने YouTube चैनल के जरिए सट्टा-मटका के अंकों का प्रचार-प्रसार करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो मोबाइल फोन और सट्टा कारोबार से संबंधित डिजिटल सामग्री जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी YouTube पर “ANSHU MATKA” नामक चैनल के माध्यम से सट्टा-मटका के अंकों की भविष्यवाणी से जुड़े वीडियो बनाकर अपलोड और प्रसारित कर रहा था। इन वीडियो के जरिए सट्टा गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा था।


दुर्ग पुलिस को 4 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि थाना उतई क्षेत्र के डुमरडीह बस स्टैंड स्थित अंजली ब्यूटी पार्लर के पास एक व्यक्ति मोबाइल फोन के माध्यम से YouTube पर सट्टा-मटका के नंबरों की जानकारी और भविष्यवाणी वाले वीडियो तैयार कर रहा है। सूचना की पुष्टि के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति को घेराबंदी कर पकड़ा।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम रवि चेलक उम्र 29 वर्ष निवासी बड़े पारा, जय स्तंभ चौक, डुमरडीह थाना उतई जिला दुर्ग बताया। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में आरोपी की तलाशी ली, जिसमें उसके पास से Vivo कंपनी के दो Android मोबाइल फोन बरामद हुए। मोबाइल फोन की जांच करने पर आरोपी द्वारा संचालित “ANSHU MATKA” YouTube चैनल पर सट्टा-मटका से संबंधित वीडियो अपलोड किए जाने की जानकारी मिली।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी “राजधानी नाईट कल्याण जोड़ी” सहित अन्य सट्टा नंबरों की भविष्यवाणी से जुड़े वीडियो बनाकर सार्वजनिक रूप से प्रसारित कर रहा था। पुलिस ने मोबाइल फोन में मौजूद डिजिटल सामग्री और सट्टा संचालन से जुड़े विवरण को जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 06(क), 07(1) और 11 के तहत अपराध क्रमांक 444/2026 दर्ज किया है।

आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि डिजिटल माध्यमों से सट्टा गतिविधियां संचालित करने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का गलत इस्तेमाल कर अवैध कारोबार चलाने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की जुआ-सट्टा गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और अवैध गतिविधियों से दूर रहें।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *