रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में 10 वीं-12 वीं पास युवाओं के लिए अच्छी खबर है। जिले में रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। जिले के शिक्षित बेरोजगार युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राष्ट्रीय रोजगार सेवा अंतर्गत जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, रायगढ़ द्वारा 29 जुलाई को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।

रोजगार मेला सुबह 10.30 बजे जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, रायगढ़ में आयोजित होगा। इस मेले में चार प्रतिष्ठित निजी कंपनियां भाग लेंगी, जिनके माध्यम से 173 रिक्त पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा।


चार कंपनियां करेंगी भर्ती, विभिन्न पदों पर मिलेगा रोजगार

रोजगार मेले में श्रीराम फाइनेंस कॉर्पोरेशन लिमिटेड, जेएसडब्ल्यू नहरपाली खरसिया रोड, रायगढ़, श्री कृष्णा अर्थ मूवर्स नीयर सीएमओ ऑफिस के पास, रायगढ़ तथा में.प्रगति फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड, बिलासपुर भाग लेंगी। श्रीराम फाइनेंस कॉर्पोरेशन लिमिटेड द्वारा टू-व्हीलर फाइनेंसर, पर्सनल लोन बिजनेस, लोन ऑफिसर, इंश्योरेंस ऑफिसर एवं कलेक्शन ऑफिसर के 40 पदों पर भर्ती की जाएगी।

इसके लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है तथा वेतनमान 10 हजार से 12 हजार रुपये प्रतिमाह होगा। मे. जेएसडब्ल्यू नहरपाली द्वारा अप्रेंटिसशिप के तहत टर्नर, फिटर, कोपा, वेल्डर, पेंटर एवं कारपेंटर के 14 पदों पर भर्ती होगी। इन पदों के लिए आईटीआई उत्तीर्ण अभ्यर्थी पात्र होंगे।

मूवर्स नीयर द्वारा इलेक्ट्रिशियन, वेल्डर, फिटर, टीपर ड्राइवर, एक्सीवेटर ऑपरेटर, लोडर ऑपरेटर एवं अकाउंटेंट सहित 49 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए 10वीं, आईटीआई, मैकेनिकल आईटीआई एवं बीकॉम टेली जैसी शैक्षणिक योग्यताएं निर्धारित की गई हैं। चयनित अभ्यर्थियों को 10 हजार से 20 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन मिलेगा। वहीं मे. प्रगति फाइनेंस प्राइवेट लिमिटेड, बिलासपुर द्वारा फील्ड ऑफिसर के 70 पदों पर भर्ती की जाएगी। इन पदों के लिए 10वीं एवं 12वीं उत्तीर्ण अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं।

ई-रोजगार पोर्टल में पंजीयन आवश्यक, मौके पर भी होगी सुविधा

जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि रोजगार मेले में भाग लेने के लिए अभ्यर्थियों का ई-रोजगार पोर्टल में पंजीकृत होना आवश्यक है। जिन अभ्यर्थियों का पंजीयन नहीं हुआ है, वे रोजगार मेले के दिन भी मौके पर अपना पंजीयन करा सकेंगे। भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने के लिए सभी अभ्यर्थियों को अपने साथ मूल शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, अंकसूची, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज फोटो एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज लेकर उपस्थित होने की सलाह दी गई है।

जिला रोजगार अधिकारी ने जिले के योग्य एवं इच्छुक युवाओं से अपील की है कि वे इस रोजगार मेले में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर निजी क्षेत्र में रोजगार प्राप्त करने के अवसर का लाभ उठाएं। रिक्तियों से संबंधित विस्तृत जानकारी ई-रोजगार पोर्टल अथवा जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र, रायगढ़ से प्राप्त की जा सकती है।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed