RBI Recruitment 2027: आरबीआई ने वर्ष 2027 में क्लास-I पदों पर होने वाली भर्तियों का संभावित कैलेंडर जारी किया है. इसके तहत ग्रेड बी, ग्रेड ए, मैनेजर, लीगल ऑफिसर और असिस्टेंट मैनेजर समेत अलग-अलग पदों पर भर्ती की जाएगी. कुछ पदों के लिए भर्ती नोटिफिकेशन फरवरी 2027 में जारी हो सकती है, जबकि ग्रेड ए के लिए जुलाई में नोटिफिकेशन आने की संभावना है. कैलेंडर में परीक्षाओं के संभावित महीनों की जानकारी दी गई है. हालांकि, पदों की कुल संख्या का खुलासा अभी नहीं किया गया है.

किन पदों पर होगी भर्ती?

आरबीआई के संभावित भर्ती कैलेंडर के अनुसार, वर्ष 2027 में अलग-अलग पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जाएगी. इसमें ऑफिसर्स ग्रेड बी (DR) जनरल, DEPR और DSIM के अलावा ग्रेड ए, मैनेजर, लीगल ऑफिसर और असिस्टेंट मैनेजर के पद शामिल हैं. उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वो परीक्षा की तैयारी के साथ आधिकारिक अपडेट पर भी नजर रखें.


ग्रेड बी और ग्रेड ए परीक्षा की तारीखें

ऑफिसर्स ग्रेड बी (DR) जनरल, DEPR और DSIM के लिए भर्ती नोटिफिकेशन फरवरी 2027 में जारी होने की संभावना है. इन पदों के लिए फेज-1 परीक्षा अप्रैल 2027 में और फेज-2 परीक्षा मई या जून 2027 में आयोजित की जा सकती है. वहीं, ऑफिसर्स ग्रेड ए (DR) जनरल के लिए जुलाई 2027 में नोटिफिकेशन जारी होने की उम्मीद है. इसकी सिंगल स्टेज परीक्षा सितंबर 2027 में प्रस्तावित है.

मैनेजर और लीगल ऑफिसर के लिए भी अवसर

आरबीआई के कैलेंडर के मुताबिक, मैनेजर (टेक्निकल-सिविल), मैनेजर (टेक्निकल-इलेक्ट्रिकल), लीगल ऑफिसर ग्रेड बी और असिस्टेंट मैनेजर (प्रोटोकॉल एंड सिक्योरिटी) के लिए फरवरी 2027 में नोटिफिकेशन जारी हो सकता है. इन पदों की परीक्षाएं मार्च या अप्रैल 2027 में आयोजित किए जाने की संभावना है. इसके अलावा, असिस्टेंट मैनेजर (राजभाषा) पद के लिए भी फरवरी में नोटिफिकेशन और मार्च-अप्रैल में परीक्षा प्रस्तावित है.

कितने पदों पर होगी भर्ती?

आरबीआई के इस कैलेंडर में फिलहाल भर्ती और परीक्षा की संभावित समयसीमा बताई गई है. कुल रिक्तियों की संख्या अभी घोषित नहीं की गई है. पदों की संख्या, एजुकेशनल क्वालिफिकेशन, एज लिमिट, आवेदन की अंतिम तारीख और चयन प्रक्रिया की जानकारी संबंधित भर्ती के डिटेल नोटिफिकेशन में मिलेगी.

उम्मीदवारों को सलाह है कि वो आरबीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाले नोटिफिकेशन को रेगुलर रूप से चेक करते रहें, ताकि आवेदन और परीक्षा से जुड़ी जरूरी जानकारी समय पर मिल सके.

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *