



दुनियाभर में कई ऐसे अजीबोगरीब ब्रिज हैं, जिन्हें देखकर हैरानी होती है. इनमें से किसी पुल के ऊपर से नहर और नीचे से नदी गुजरती है, तो कोई सीधी ऊंचाई पर ले जाता है. वहीं, कोई पुल नदी के ऊपर बिना खंभों के लकड़ी के सहारे टिका हुआ है. लेकिन आज हम आपको एक ऐसे ब्रिज के बारे में बताने जा रहे हैं, जो तूफान की वजह से बीचों-बीच धंस गया.
ऐसे में इससे गुजरने पर सरकार ने प्रतिबंध लगा दिया, लेकिन इसके बावजूद तेज रफ्तार में लोग कार लेकर गुजरते हैं. हम बात कर रहे हैं यूरोपीय देश ग्रीस के थेसाली क्षेत्र के पिनियोस नदी पर बने पलाइओपिर्गोस पुल की, जो आधिकारिक तौर पर कई साल पहले आई प्राकृतिक आपदा में ढह चुका है और कागजों में पूरी तरह से बंद घोषित है.

इसके बावजूद, स्थानीय लोग अपनी जान हथेली पर रखकर इस टूटे और बीच से बुरी तरह झुके हुए पुल से अपनी गाड़ियां पार करा रहे हैं. बता दें कि सितंबर 2023 में विनाशकारी डेनियल तूफान ने ग्रीस, बुल्गारिया और तुर्की में भारी तबाही मचाई थी. इस तूफान और बाढ़ के कारण ग्रीस के इंफ्रास्ट्रक्चर को भारी नुकसान पहुंचा था और अकेले थेसाली क्षेत्र में ही 79 पुल क्षतिग्रस्त हो गए थे.
इन्हीं में से एक था पिनियोस नदी पर बना पलाइओपिर्गोस पुल (Palaiopyrgos Bridge). बाढ़ के बहाव में यह पुल बीच से टूटकर नीचे धंस गया था. तबाही के बाद ग्रीस सरकार ने इस पुल को यातायात के लिए पूरी तरह से अयोग्य घोषित कर दिया था. वर्तमान में इस पुल का मध्य भाग नदी के पानी से महज कुछ ही इंच ऊपर है और यह किसी भी क्षण पूरी तरह से पानी में समा सकता है.
हालांकि, प्रशासन की सबसे बड़ी लापरवाही यह रही कि उन्होंने चेतावनी के बोर्ड तो लगा दिए, लेकिन पुल के दोनों सिरों पर मजबूत बैरिकेडिंग या नाकेबंदी नहीं की, जिसके कारण लोगों को इस खतरनाक पुल पर चढ़ने का सीधा रास्ता मिल जाता है. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रोज दर्जनों गाड़ियां इस टूटे पुल पर धीमी रफ्तार में किसी एडवेंचर गेम की तरह संतुलन बनाते हुए गुजरती हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि वे ऐसा मजबूरी में कर रहे हैं. इस पुल के बंद होने से टेम्पी और अगिया नगर पालिकाओं का संपर्क टूट जाता है. यदि लोग वैकल्पिक और सुरक्षित रास्ते का इस्तेमाल करते हैं, तो उन्हें बहुत लंबा चक्कर लगाना पड़ता है, जिससे उनका काफी कीमती समय और महंगा पेट्रोल-डीजल बर्बाद होता है. इतना ही नहीं, इस खतरनाक रास्ते का खामियाजा बाहरी पर्यटकों को भी भुगतना पड़ रहा है.
नेविगेशन ऐप्स अक्सर पर्यटकों को इसी ढहे हुए पुल वाले रास्ते पर भेज देते हैं. जब पर्यटक यहां पहुंचते हैं, तो टूटे हुए पुल और चेतावनी बोर्ड देखकर या तो वे खौफ में आकर वापस लौटने को मजबूर होते हैं या फिर देखा-देखी अपनी जान जोखिम में डालकर पुल पार करने की कोशिश करते हैं.
