आरंग। नाबालिग बालिका के अपहरण और दुष्कर्म के मामले में आरंग पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। आरोपी ने नाबालिग को शादी का प्रलोभन देकर अगवा किया था और पिछले करीब डेढ़ महीने से उसे बंधक बनाकर रखा था।

मामले की शुरुआत 10 मार्च 2026 को हुई थी, जब आरंग निवासी एक नाबालिग बालिका संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी और अपहरण का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की। पुलिस की जांच में यह तथ्य सामने आया कि आरोपी कीर्तन देवांगन (20 वर्ष), निवासी बीरगांव (रायपुर) बालिका को शादी का झांसा देकर अपने साथ बहला-फुसलाकर ले गया है।


आरोपी कीर्तन देवांगन पीड़िता को लेकर लगातार ठिकाने बदलता रहा। जांच के दौरान पता चला कि उसने पीड़िता को डोंगरगढ़ और बीरगांव के विभिन्न स्थानों पर रखा था। इस दौरान उसने शादी का दबाव बनाकर नाबालिग के साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।

मुखबिरों की सूचना और तकनीकी विश्लेषण (साइबर सेल) की मदद से आरंग पुलिस ने 28 अप्रैल को पीड़िता को आरोपी के चंगुल से सुरक्षित बरामद किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कठोर धाराओं के तहत मामला दर्ज करते हुए न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे केंद्रीय जेल रायपुर भेजा गया।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *