दुर्ग। भिलाई-3 थाना क्षेत्र के रिंगनी स्थित एक फार्म हाउस में रहने वाले नीलकंठ साहू का शव मंगलवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। बुधवार को सुबह सुपेला अस्पताल में पोस्टमार्टम हुआ है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सोमवार रात नीलकंठ का पत्नी और वहां रहने वाले अन्य लोगों से विवाद हुआ था।

अब पुलिस पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद मौत की असली वजह सामने आ सकेगी। पुलिस के मुताबिक नीलकंठ साहू अपनी पत्नी और बच्चों के साथ फार्म हाउस परिसर में रहता था। उसकी पत्नी सावित्री वहां केयरटेकर का काम करती थी। बताया जा रहा है कि सोमवार रात इलाके में बिजली चली गई थी।


इसके बाद नीलकंठ पास में रहने वाले पड़ोसी अमर प्रसाद यादव के घर सोने चला गया था। इसी दौरान वहां उसकी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया और फार्म हाउस के चौकीदार राजकुमार को बुलाया गया। लोगों ने नीलकंठ को वापस अपने घर जाने के लिए कहा।

बताया जा रहा है कि इसी दौरान पड़ोसी अमर प्रसाद यादव और चौकीदार राजकुमार के बीच भी विवाद और हाथापाई की स्थिति बन गई। रात में हुए पूरे घटनाक्रम के बाद मंगलवार सुबह नीलकंठ साहू का शव उसके घर के सामने पड़ा मिला। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच भी विवाद और मारपीट की बातें सामने आ रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

Share on

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *